पंजाब की राजनीति में टिकट बिक्री के आरोपों ने नया विवाद खड़ा कर दिया है. आम आदमी पार्टी के महासचिव बलतेज पन्नू ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए दावा किया कि पहले टिकटों का संबंध महंगी डिफेंडर जैसी गाड़ियों से जोड़ा जाता था, लेकिन अब मामला 'हेलिकॉप्टर तक पहुंचने' की चर्चा में है. उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश के एक कांग्रेस नेता के हालिया बयान ने इन आरोपों को और हवा दी है. पन्नू ने यह भी याद दिलाया कि नवजोत कौर सिद्धू पहले सार्वजनिक रूप से बड़े पैमाने पर धन के बदले पद मिलने के आरोप लगा चुकी हैं.
बलतेज पन्नू ने कांग्रेस सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा की केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से हुई मुलाकात पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि भले ही मुलाकात का आधिकारिक कारण कुछ और बताया गया हो, लेकिन राजनीतिक गलियारों में इसकी अलग चर्चा है. पन्नू का आरोप है कि कांग्रेस और बीजेपी के बीच अंदरखाने तालमेल चल रहा है और दोनों दल एक-दूसरे के राजनीतिक हित साधने में लगे हैं.
ਪੰਜਾਬ ਕਾਂਗਰਸ ਖੇਡ ਰਹੀ ਬਾਂਦਰ ਕੀਲਾ !!
— AAP Punjab (@AAPPunjab) July 5, 2026
ਆਪ ਪੰਜਾਬ ਮੀਡੀਆ ਇੰਚਾਰਜ @BaltejPannu ਨੇ ਘੇਰੇ ਵਿਰੋਧੀ
👉🏻 ਕਿਹਾ, ਭਾਜਪਾ ‘ਚ ਬਣਿਆ ਹੈ ਕਾਂਗਰਸੀ ਵਿੰਗ
👉🏻 ਮਾਨ ਸਰਕਾਰ ਦੇ ਕੰਮਾਂ ਦਾ ਜਵਾਬ ਨਹੀਂ ਤਾਂ ਰਲ਼ ਕੇ ਖੇਡ ਰਹੇ ਵਿਰੋਧੀ
👉🏻 ਪੰਜਾਬ ਕਾਂਗਰਸੀਆਂ ਦੇ ਦਿੱਲੀ ਲੱਗਦੇ ਗੇੜਿਆਂ ‘ਤੇ ਵੀ ਕਸੇ ਤੰਜ pic.twitter.com/DheoZvyoQc
पन्नू ने दावा किया कि बीजेपी में पहले से कांग्रेस से आए नेताओं का प्रभाव बढ़ चुका है और कई पुराने भाजपा कार्यकर्ता खुद को अलग-थलग महसूस कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि कांग्रेस और बीजेपी एक-दूसरे पर सार्वजनिक रूप से हमला करती हैं, लेकिन अंदरखाने दोनों के रिश्ते अलग तस्वीर पेश करते हैं. हालांकि, इन आरोपों पर कांग्रेस या बीजेपी की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.
पन्नू ने कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व पर भी निशाना साधते हुए कहा कि राष्ट्रीय दलों के फैसले दिल्ली से होते हैं. उन्होंने दावा किया कि मौजूदा हालात को देखते हुए कांग्रेस में दो-चार नेताओं से ज्यादा टिकना मुश्किल है. उनके मुताबिक, जैसे ही कथित राजनीतिक सौदे पूरे होंगे, कांग्रेस के कई नेता बीजेपी में शामिल हो सकते हैं. कांग्रेस ने इन आरोपों का फिलहाल कोई जवाब नहीं दिया है.