पंजाब में लंबे समय से पड़ रही भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग ने राहत भरा पूर्वानुमान जारी किया है. विभाग के अनुसार 1 जुलाई से प्रदेश में प्री-मानसून सक्रिय हो जाएगा, जिससे मौसम का स्वरूप तेजी से बदलेगा. कई जिलों में बादल छाने, गरज-चमक के साथ बारिश होने और तेज हवाएं चलने की संभावना है.
मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि आने वाले दिनों में बारिश का सिलसिला बढ़ने से लोगों को उमस और तपिश से राहत मिलेगी. सोमवार को राज्य के अधिकांश हिस्सों में तापमान में हल्की गिरावट जरूर दर्ज की गई, लेकिन गर्मी का प्रभाव बना रहा. विशेषज्ञों का कहना है कि प्री-मानसून की सक्रियता बढ़ने के बाद तापमान में धीरे-धीरे और गिरावट दर्ज की जाएगी.
मौसम विभाग के अनुसार 30 जून को कुछ इलाकों में आंशिक बादल छाए रहने और हल्की बूंदाबांदी की संभावना बनी हुई है. दिन के समय गर्मी और उमस का असर महसूस हो सकता है, लेकिन शाम के समय मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है.1 जुलाई के लिए राज्य के कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग ने अमृतसर, तरनतारन, गुरदासपुर, कपूरथला, जालंधर, होशियारपुर, नवांशहर और पठानकोट में गरज-चमक के साथ बारिश, आकाशीय बिजली और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है. वहीं फाजिल्का, फिरोजपुर, मुक्तसर, मोगा, फरीदकोट, बठिंडा, मानसा और बरनाला जिलों में फिलहाल किसी विशेष मौसम चेतावनी की आवश्यकता नहीं बताई गई है.
मौसम विभाग के अनुसार 2 जुलाई को भी उत्तर, मध्य और पूर्वी पंजाब के अधिकांश जिलों में मौसम सक्रिय रहेगा. कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश होगी और कुछ इलाकों में भारी वर्षा भी दर्ज की जा सकती है. तेज हवाओं के कारण तापमान में और कमी आने की संभावना है. 3 जुलाई को भी प्रदेश के मध्य, उत्तरी और पूर्वी हिस्सों में बारिश, बिजली चमकने और तेज हवाओं का सिलसिला जारी रह सकता है. लगातार बदलते मौसम के चलते लोगों को गर्मी से काफी राहत मिलने की उम्मीद है. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि प्री-मानसून की सक्रियता कृषि क्षेत्र के लिए भी लाभकारी साबित हो सकती है. बारिश से खेतों में नमी बढ़ेगी, जिससे खरीफ फसलों की बुवाई को गति मिलेगी. वहीं तापमान में गिरावट आने से बिजली की बढ़ती मांग में भी कमी आ सकती है.