menu-icon
India Daily

उत्तराखंड में मौसम ने ली करवट, आज से झमाझम बारिश के आसार; सभी जिलों में तेज हवाओं का अलर्ट

उत्तराखंड में भीषण गर्मी और उमस से जूझ रहे लोगों के लिए राहत की खबर है. मौसम विभाग के अनुसार आज से प्रदेश में मानसून की गतिविधियां तेज होंगी. पहाड़ से लेकर मैदान तक कई जिलों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है. अगले कुछ दिनों में तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने का अनुमान है.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
उत्तराखंड में मौसम ने ली करवट, आज से झमाझम बारिश के आसार; सभी जिलों में तेज हवाओं का अलर्ट
Courtesy: ANI

उत्तराखंड में लंबे समय से जारी गर्मी और उमस का दौर अब समाप्त होने की ओर है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के देहरादून केंद्र के मुताबिक राज्य में मानसून सक्रिय होने के साथ मौसम का मिजाज तेजी से बदलेगा. पहाड़ी और मैदानी दोनों क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कई स्थानों पर तेज वर्षा होने की संभावना है. 

मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में बारिश का दायरा और बढ़ेगा, जिससे लोगों को तपिश और उमस से बड़ी राहत मिलेगी. मौसम विभाग ने पौड़ी गढ़वाल, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है.

मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान 

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया. हरिद्वार के रुड़की में प्रदेश का सर्वाधिक तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि नैनीताल जिले के मुक्तेश्वर में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रहा. मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि अगले तीन से चार दिनों में अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है. इसके बाद अगले दो से तीन दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की अतिरिक्त कमी दर्ज होने की संभावना है. राहत की बात यह है कि फिलहाल प्रदेश में लू चलने की कोई आशंका नहीं है.

बारिश के साथ चलेगी ठंडी हवा

राजधानी देहरादून और पर्यटन नगरी मसूरी में भी मौसम पूरी तरह बदलने के संकेत मिल रहे हैं. पिछले 24 घंटों के दौरान दोनों क्षेत्रों में बादलों की गरज और तेज हवाएं दर्ज की गईं. जॉलीग्रांट में 39 किलोमीटर प्रति घंटे और मालदेवता में 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं. आज इन क्षेत्रों में बादल छाए रहने, कई दौर की बारिश होने और तापमान में गिरावट आने की संभावना है. इससे पर्यटकों और स्थानीय लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.

कुमाऊं मंडल में मानसून का प्रभाव पहले से ही दिखाई देने लगा है. पिछले 24 घंटों में बेरीनाग में 101 मिलीमीटर, नैनीताल में 90 मिलीमीटर, हल्द्वानी में 81 मिलीमीटर और कालाढूंगी में 73 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई. मौसम विभाग के अनुसार नैनीताल, अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में आज भी भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है.