Punjab Gangster Crackdown: पंजाब पुलिस का बड़ा एक्शन, 'गैंगस्टरां ते वार' अभियान में 6 महीने में 50 हजार से ज्यादा लोग गिरफ्तार
पंजाब पुलिस ने दावा किया है कि 'गैंगस्टरां ते वार' अभियान के छह महीनों में 50,930 लोगों को गिरफ्तार किया गया.
पंजाब पुलिस ने राज्य में अपराध और गैंगस्टर नेटवर्क पर कार्रवाई को लेकर बड़ी जानकारी साझा की है. पुलिस के अनुसार जनवरी में शुरू किए गए 'गैंगस्टरां ते वार' अभियान के तहत लगातार छापेमारी की गई. इस अभियान में हजारों लोगों को हिरासत में लिया गया और बड़ी मात्रा में हथियार बरामद किए गए.
50 हजार से अधिक गिरफ्तार
पंजाब पुलिस के विशेष डीजीपी (कानून व्यवस्था) प्रवीण सिन्हा ने बताया कि 20 जनवरी से शुरू हुए 'गैंगस्टरां ते वार' अभियान के तहत राज्यभर में 96,964 स्थानों पर छापेमारी की गई. इस दौरान गैंगस्टरों और उनसे जुड़े अपराधियों सहित कुल 50,930 लोगों को गिरफ्तार किया गया. पुलिस का कहना है कि अभियान का मकसद संगठित अपराध पर रोक लगाना और गैंगस्टर नेटवर्क को कमजोर करना है. लगातार की गई कार्रवाई के कारण कई अपराधियों को पकड़ने में सफलता मिली है और कानून व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में काम जारी है.
हथियारों के साथ बड़ी बरामदगी
पुलिस के मुताबिक अभियान के दौरान 913 हथियार, 2,475 जिंदा कारतूस और 293 मैगजीन बरामद की गईं. इसके अलावा 229 धारदार हथियार और 15 हैंड ग्रेनेड भी जब्त किए गए. अधिकारियों का कहना है कि इन बरामदगी से कई संभावित आपराधिक घटनाओं को रोका जा सका. पुलिस ने यह भी बताया कि अवैध हथियारों की सप्लाई और इस्तेमाल करने वाले लोगों की पहचान करने का काम लगातार जारी है. सभी बरामद हथियारों की जांच की जा रही है ताकि उनके स्रोत तक पहुंचा जा सके.
Also Read
प्रिवेंटिव कार्रवाई भी जारी रही
प्रवीण सिन्हा ने बताया कि इस अभियान के दौरान 23,527 लोगों के खिलाफ प्रिवेंटिव कार्रवाई की गई. वहीं पूछताछ के बाद 18,367 लोगों का सत्यापन कर उन्हें छोड़ दिया गया. पुलिस ने यह भी जानकारी दी कि छह महीने के दौरान 1,386 घोषित अपराधियों को भी गिरफ्तार किया गया. अधिकारियों का कहना है कि आने वाले समय में भी यह अभियान जारी रहेगा और राज्य में अपराध पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी.