पंजाब में एक बड़ी आपराधिक साजिश को समय रहते नाकाम कर दिया गया. चंडीगढ़ ऑपरेशन सेल की कार्रवाई में दो ऐसे शूटर पकड़े गए हैं, जिन्हें एक कारोबारी और पूर्व सरपंच की हत्या की जिम्मेदारी सौंपी गई थी. शुरुआती जांच में सामने आया है कि इस पूरी साजिश के तार विदेश में बैठे एक व्यक्ति से जुड़े हैं.
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए लवकुश और बनवारी राजस्थान के दौसा जिले के निवासी हैं और दोनों की उम्र करीब 20 वर्ष है. जांच में पता चला कि दोनों को पंजाब के एक सैनिटरी कारोबारी की हत्या का जिम्मा दिया गया था. आरोपी कारोबारी के स्टोर तक पहुंचकर उसकी गतिविधियों की जानकारी जुटा चुके थे. हालांकि उस दौरान कारोबारी वहां मौजूद नहीं मिला. पुलिस ने बताया कि दोनों दोबारा हथियारों के साथ वारदात को अंजाम देने आने वाले थे, लेकिन उससे पहले ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया. उनके पास से ऑटोमैटिक पिस्टल भी बरामद हुई हैं.
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि यह वारदात गैंगस्टर डोनी बल के निर्देश पर की जानी थी. जांच एजेंसियों को जानकारी मिली है कि विदेश में बैठे एक व्यक्ति ने हत्या करवाने के लिए 25 लाख रुपये की सुपारी दी थी. पुलिस अब उस शख्स की पहचान और पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि मामले में पुरानी रंजिश समेत कई संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है.
मामले की जांच के दौरान यह भी सामने आया कि दो अन्य लोगों ने कारोबारी और पूर्व सरपंच की रेकी कराने में भूमिका निभाई थी. इन्हीं लोगों ने शूटरों को ठिकानों और आवाजाही की जानकारी दी थी. पुलिस के अनुसार ये आरोपी पहले भी एक फायरिंग मामले में शामिल रहे हैं और बाद में मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किए गए थे. जांच एजेंसियां अब डोनी बल के नेटवर्क, उसके सहयोगियों और विदेश में बैठे कथित मास्टरमाइंड तक पहुंचने के लिए लगातार कार्रवाई कर रही हैं.