पंजाब के अमृतसर जिले से एक बड़ी लूट की घटना सामने आई है. अजनाला के गांव महल बुखारी स्थित पनग्रेन के सरकारी गोदाम में देर रात हथियारबंद बदमाशों ने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया. घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और गोदाम प्रबंधन को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं.
जानकारी के अनुसार करीब 15 हथियारबंद बदमाश आधी रात के बाद गोदाम परिसर में दाखिल हुए. आरोपियों ने सबसे पहले वहां तैनात चौकीदारों को अपने कब्जे में लिया और उन्हें जान से मारने की धमकी देकर एक कमरे में बंद कर दिया. इसके बाद बदमाशों ने गोदाम में रखे करीब 400 गेहूं के कट्टों को एक ट्रक में लोड किया और उसी वाहन को लेकर मौके से फरार हो गए. वारदात इतनी तेजी से हुई कि किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी.
चौकीदारों के मुताबिक घटना से पहले अचानक गोदाम की बिजली चली गई थी. जब एक कर्मचारी बाहर स्थिति देखने पहुंचा तो घात लगाए बैठे बदमाशों ने उसे पकड़ लिया. इसके बाद अन्य कर्मचारियों को भी बंधक बना लिया गया. आरोपियों ने परिसर में खड़े दूसरे ट्रकों से डीजल निकालकर अपने इस्तेमाल वाले ट्रक में भर लिया, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि पूरी वारदात पहले से योजनाबद्ध थी.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और पनग्रेन अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया. जांच अधिकारी गुरमीत सिंह ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और कई पहलुओं से जांच की जा रही है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके. पुलिस का कहना है कि जल्द ही बदमाशों तक पहुंचने के लिए विशेष टीमें कार्रवाई करेंगी.