पंजाब में गर्मी और बारिश का दोहरा असर, कई जिलों में येलो अलर्ट
पंजाब में एक ओर तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, वहीं दूसरी ओर कई इलाकों में बारिश और बादलों की आवाजाही देखने को मिल रही है. मौसम विभाग ने वेस्टर्न डिस्टरबेंस के प्रभाव को देखते हुए 25 और 26 जून के लिए कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है.
पंजाब में इन दिनों मौसम के दो अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं. राज्य के कई हिस्सों में बारिश और बादलों की मौजूदगी के बावजूद गर्मी का प्रकोप कम होने का नाम नहीं ले रहा. बुधवार को जहां कई जिलों में हल्की बारिश दर्ज की गई, वहीं प्रदेश का अधिकतम तापमान एक बार फिर 41 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया.
मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भी मौसम के इसी तरह बने रहने की संभावना जताते हुए कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है.
वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर
मौसम विभाग के अनुसार सक्रिय वेस्टर्न डिस्टरबेंस के प्रभाव के चलते पंजाब के कई हिस्सों में अगले दो दिनों तक बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की गतिविधियां जारी रह सकती हैं. हालांकि इस दौरान तापमान में कोई बड़ी गिरावट आने की संभावना नहीं है. बावजूद इसके, बारिश और तेज हवाओं के कारण लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है.विभाग की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार बुधवार को राज्य के औसत अधिकतम तापमान में 0.7 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई. इसके बावजूद तापमान सामान्य स्तर के आसपास बना हुआ है.
Also Read
कई शहरों में 40 डिग्री के करीब पहुंचा पारा
राज्य में सबसे अधिक तापमान बठिंडा क्षेत्र में दर्ज किया गया, जहां पारा 41.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. इसके अलावा फाजिल्का में 40.4 डिग्री, पठानकोट में 40 डिग्री, फरीदकोट और बठिंडा शहर में 39.5 डिग्री तथा फिरोजपुर में 38.9 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया. प्रमुख शहरों की बात करें तो चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. पटियाला में 38.6 डिग्री, लुधियाना में 37.8 डिग्री और अमृतसर में 37.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया.
गर्मी के कारण बढ़ रही परेशानी
गर्मी के कारण दिन के समय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. राज्य के विभिन्न हिस्सों में बुधवार को हल्की से मध्यम बारिश भी दर्ज की गई. श्री आनंदपुर साहिब क्षेत्र में सबसे अधिक 30.5 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई. इसके अलावा पटियाला, पठानकोट, मोहाली और कुछ अन्य क्षेत्रों में भी बारिश हुई.
बारिश के बाद मौसम कुछ समय के लिए सुहावना हो गया और लोगों को उमस तथा गर्मी से राहत मिली. मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 27 और 28 जून को पूरे पंजाब के लिए किसी विशेष मौसम चेतावनी की घोषणा नहीं की गई है.