पंजाब पुलिस ने नशा और अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से विदेशी पिस्टल, हेरोइन और ड्रग मनी बरामद की है. मामले में जेल से नेटवर्क चलाने का भी खुलासा हुआ है.
फाजिल्का जिले के जलालाबाद क्षेत्र में पुलिस ने विशेष नाकाबंदी के दौरान पांच संदिग्धों को रोककर उनकी तलाशी ली. जांच में उनके पास से तीन विदेशी पिस्टल, छह मैगजीन, चार कारतूस और करीब 750 ग्राम हेरोइन बरामद हुई. शुरुआती पूछताछ में पुलिस को तस्करी के एक बड़े नेटवर्क के सक्रिय होने के संकेत मिले. इसके बाद टीम ने पूरे मामले की गहराई से जांच शुरू की और कई अहम सुराग जुटाए.
जांच के दौरान पुलिस ने परमजीत सिंह को भी गिरफ्तार किया, जिसके पास से करीब ढाई लाख रुपये की कथित ड्रग मनी बरामद हुई. पूछताछ में खुलासा हुआ कि फरीदकोट जेल में बंद साजन इस पूरे नेटवर्क का कथित मास्टरमाइंड है. पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य तस्करी से मिलने वाली रकम उसके नेटवर्क तक पहुंचाते थे और उसी के निर्देश पर काम करते थे.
गिरफ्तार आरोपियों में अमन कुमार, बूढ़ सिंह, अर्शदीप सिंह, करन, परमजीत सिंह और एक नाबालिग शामिल है. नाबालिग को नियमानुसार बाल सुधार गृह भेज दिया गया है. वहीं, अन्य आरोपियों से पूछताछ जारी है. पुलिस ने बताया कि एक आरोपी की तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि बाकी से नेटवर्क के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है.
फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि गिरोह के तार किन-किन राज्यों और सीमा पार के तस्करों से जुड़े थे. अधिकारियों का कहना है कि बरामद हथियार और मादक पदार्थ इस नेटवर्क के बड़े स्तर पर सक्रिय होने की ओर इशारा करते हैं. जांच पूरी होने के बाद इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी.