पंजाब के 5.10 लाख श्रद्धालुओं को मिला मुफ्त तीर्थ यात्रा का मौका, अब इन धामों के भी होंगे दर्शन

पंजाब सरकार की मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत अब तक 5,10,807 श्रद्धालु देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों की निशुल्क यात्रा कर चुके हैं. 50 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों के लिए शुरू की गई.

Pinterest
Reepu Kumari

पंजाब में धार्मिक स्थलों के दर्शन की इच्छा रखने वाले हजारों वरिष्ठ नागरिकों के लिए मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना एक बड़ा माध्यम बनी है. सरकार के मुताबिक अब तक 50 वर्ष से अधिक आयु के 5,10,807 श्रद्धालु इस योजना के जरिए देश के अलग-अलग प्रमुख धार्मिक स्थलों की यात्रा कर चुके हैं. इस योजना के तहत श्रद्धालुओं को बिना यात्रा खर्च के धार्मिक स्थलों तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई है.

पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंद ने वीरवार को पंजाब भवन में प्रेस वार्ता के दौरान योजना से जुड़े आंकड़े साझा किए. उन्होंने कहा कि सरकार वरिष्ठ नागरिकों की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए उन्हें सुविधाजनक और निशुल्क तीर्थ यात्रा उपलब्ध करा रही है. मुख्यमंत्री भगवंत मान ने 9 नवंबर 2025 को इस योजना की शुरुआत की थी, जिसके बाद बड़ी संख्या में लोग इसका लाभ उठा चुके हैं.

अब कई नए धार्मिक स्थलों तक पहुंचेंगे श्रद्धालु

योजना के तहत शुरुआत में श्री दरबार साहिब, दुर्गियाना मंदिर और श्री रामतीर्थ समेत कई प्रमुख धार्मिक स्थलों की यात्रा कराई गई. इसके बाद 12 अगस्त 2026 को तीर्थ यात्रा के लिए तीन नए धार्मिक यात्रा मार्ग शुरू किए गए. इनमें खाटू श्याम जी, सालासर बालाजी, मथुरा-वृंदावन, हरिद्वार और ऋषिकेश जैसे प्रमुख धार्मिक स्थल शामिल हैं. इससे वरिष्ठ नागरिकों के लिए धार्मिक यात्रा के विकल्प बढ़ गए हैं.


12,450 से अधिक बसों से हुई तीर्थ यात्रा

मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंद के अनुसार, अब तक 12,450 से अधिक बसों के जरिए विभिन्न संगठनों से जुड़े श्रद्धालुओं को धार्मिक स्थलों तक पहुंचाया जा चुका है. यात्रा के दौरान वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कई व्यवस्थाएं की गई हैं. श्रद्धालुओं के लिए भोजन और ठहरने की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है. इसके साथ ही यात्रा में मेडिकल टीम और गाइड भी मौजूद रहते हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर सहायता मिल सके.

काशी यात्रा को लेकर केंद्र के जवाब का इंतजार

श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं को काशी यानी वाराणसी ले जाने की भी तैयारी है. मंत्री के मुताबिक पंजाब सरकार ने केंद्र सरकार से विशेष रेलगाड़ियां चलाने का आग्रह किया है, लेकिन अभी तक वहां से कोई जवाब नहीं मिला है. ट्रेन के जरिए तीर्थ यात्रा की सुविधा शुरू करने को लेकर भी सरकार विचार करेगी. फिलहाल काशी यात्रा के लिए केंद्र के जवाब का इंतजार किया जा रहा है.