पंजाब और चंडीगढ़ में आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश, दीवार गिरने से एक की मौत

पंजाब और चंडीगढ़ में अचानक बदले मौसम ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया.

X
Ashutosh Rai

गुरुवार को पंजाब और चंडीगढ़ के कई हिस्सों में मौसम ने अचानक करवट ली. तेज हवाओं, बारिश और ओलावृष्टि ने भीषण गर्मी से राहत तो दी. साथ ही लोगों के लिए नई परेशानियां भी खड़ी कर दीं. कई जिलों में पेड़ गिरने, दीवार ढहने और बिजली आपूर्ति प्रभावित होने की घटनाएं सामने आईं.

तेज हवाओं और बारिश से बढ़ी मुश्किलें

अमृतसर, जालंधर, मानसा, मोहाली और लुधियाना समेत कई जिलों में शाम के समय तेज बारिश हुई. अमृतसर में बारिश के साथ ओलावृष्टि भी दर्ज की गई. मौसम विभाग के अनुसार कुछ इलाकों में हवाओं की रफ्तार 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई. जंडियाला गुरु के पास तेज़ हवा के कारण दो मोटरसाइकिल सवार सड़क पर गिर गए. वहीं एक अन्य स्थान पर तेज़ तूफान के दौरान दीवार गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई.

बिजली गिरने से हुआ नुकसान

खन्ना क्षेत्र में बिजली गिरने से करीब 150 वर्ष पुराना विशाल पेड़ कई मकानों पर गिर पड़ा. इस घटना में कई घरों की छतें और दीवारें क्षतिग्रस्त हो गईं. लुधियाना में भी ओलावृष्टि के कारण लोगों को नुकसान झेलना पड़ा. कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित हुई और लोगों को घंटों तक कटौती का सामना करना पड़ा. बढ़ती गर्मी के बीच बिजली की मांग 14,500 मेगावाट से ऊपर पहुंच गई.


अगले तीन दिन मौसम रहेगा सक्रिय

मौसम विभाग ने सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के चलते अगले तीन दिनों तक पंजाब के कई जिलों में आंधी, बारिश और गरज के साथ बौछारों की संभावना जताई है. इसी बीच स्वास्थ्य विभाग ने भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. मोहाली की सिविल सर्जन डॉ. संगीता जैन ने विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों को पर्याप्त पानी पीने और अत्यधिक गर्मी से बचने की सलाह दी है. उन्होंने कहा कि चक्कर आना, तेज बुखार, सिरदर्द, उल्टी या बेहोशी जैसे लक्षण दिखने पर तुरंत चिकित्सा सहायता लेनी चाहिए.