पंजाब भाजपा में नई कोर टीम का इंतजार, संतुलन की बड़ी चुनौती

नए प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों के नेतृत्व में जिला अध्यक्षों की नियुक्ति के बाद अब उपाध्यक्षों और महासचिवों वाली कोर टीम पर काम तेज हो गया है. केंद्रीय नेतृत्व जल्द ही इस नई सूची को मंजूरी दे सकता है.

X
Antima Pal

जालंधर: पंजाब भाजपा संगठन पुनर्गठन के अंतिम चरण में पहुंच गया है. नए प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों के नेतृत्व में जिला अध्यक्षों की नियुक्ति के बाद अब उपाध्यक्षों और महासचिवों वाली कोर टीम पर काम तेज हो गया है. केंद्रीय नेतृत्व जल्द ही इस नई सूची को मंजूरी दे सकता है.

पंजाब भाजपा में नई कोर टीम का इंतजार

राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ पिछले कई दिनों से प्रदेश नेतृत्व के साथ बैठकें कर संभावित नामों पर चर्चा कर रहे हैं. उनका मुख्य फोकस क्षेत्रीय संतुलन, विभिन्न सामाजिक वर्गों का प्रतिनिधित्व और पार्टी के सभी धड़ों को साथ लेकर चलना है. 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखकर भाजपा एक मजबूत, अनुभवी और समावेशी टीम बनाने की कोशिश में जुटी है.

पार्टी के सामने सबसे बड़ी चुनौती अलग-अलग प्रभावशाली गुटों, वरिष्ठ नेताओं और पुराने कार्यकर्ताओं के बीच सही संतुलन बनाने की है. कई नेता लंबे समय से पार्टी की सेवा कर रहे हैं और उन्हें नई टीम में उचित जगह मिलने की उम्मीद है.


कुछ बड़े नाम चर्चा में

पूर्व आईएएस अधिकारी जगमोहन सिंह राजू ने संगठनात्मक जिम्मेदारियों से अलग होकर अब सामाजिक मुद्दों पर ज्यादा ध्यान देने की इच्छा जताई है. उनकी इस इच्छा से नए चेहरों को मौका मिल सकता है.

वरिष्ठ नेता फतेहजंग सिंह बाजवा को नई टीम में अहम भूमिका दिए जाने की चर्चा जोरों पर है. कैप्टन अमरिंदर सिंह गुट से जुड़े नेताओं को भी पार्टी में उचित प्रतिनिधित्व देने पर विचार चल रहा है. भाजपा में शामिल होने के बाद इन नेताओं के समर्थकों की भूमिका अहम मानी जा रही है. पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ का प्रभाव पार्टी के लिए खासतौर पर महत्वपूर्ण है. जाखड़ समर्थक नेताओं को जगह देकर भाजपा हिंदू वोट बैंक के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों में अपनी पकड़ मजबूत करना चाहती है.

2027 का लक्ष्य

भाजपा नेताओं का मानना है कि अगर सही संतुलन बन गया तो पार्टी 2027 के चुनाव में बेहतर प्रदर्शन कर सकती है. नए अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों की अगुवाई में संगठन को मजबूत करने का काम लगातार चल रहा है. केंद्रीय नेतृत्व की अंतिम मंजूरी के बाद नई कोर टीम की घोषणा किसी भी समय हो सकती है. पार्टी कार्यकर्ता इस सूची का इंतजार कर रहे हैं, क्योंकि यह टीम आने वाले दिनों में पंजाब में भाजपा की रणनीति तय करेगी.