'एक हाथ पर दिल, दूसरे पर 'नेहा' नाम… पटियाला में नीले ड्रम में लड़की की लाश मिलने से फैली सनसनी
पंजाब के पटियाला शहर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां अर्बन एस्टेट इलाके में एक नीले ड्रम में युवती की लाश मिलने से सनसनी फैल गई है.
पंजाब के पटियाला शहर से एक बहुत हैरान करने वाली और खौफनाक वारदात सामने आई है. यहां अर्बन एस्टेट इलाके में डीसीडब्ल्यू पोल के पास एक नीले रंग के ड्रम के अंदर एक अज्ञात लड़की की लाश मिलने से सनसनी फैल गई है. यह घटना बुधवार सुबह-सुबह तब सामने आई जब स्थानीय लोगों ने एक सुनसान जगह पर पड़े उस ड्रम को देखा और तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दी.
सूचना मिलते ही अर्बन एस्टेट थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी. क्राइम सीन की जांच और सबूत जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम भी बुलाई गई है. पुलिस से मीली जानकारी के अनुसार मृत लड़की की उम्र करीब 15 से 20 साल के बीच होने का अनुमान है.
हत्या कहीं और कर फेंका गया ड्रम
शुरूआती जांच के देखकर अंदेशा लगाया जा रहा है कि लड़की की कहीं और हत्या की गई है और फिर लाश को ठिकाने लगाने के इरादे से उसे ड्रम के अंदर छिपाकर यहां फेंक दिया गया है. हालांकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वे हर पहलू से मामले की जांच कर रहे हैं और अभी तक किसी आखिरी नतीजे पर नहीं पहुंचे हैं. पुलिस ने घटना स्थल के आस-पास के इलाके की बारीकी से तलाशी ली है. साथ ही आस पास की सड़कों और इमारतों में लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं जिससे यह पता लग सके कि वहां ड्रम कौन लेकर आया था.
पुलिस अधिकारी ने क्या कहा?
पुलिस अधिकारी गुरविंदर सिंह ने बताया कि सुबह कंट्रोल रूम को सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध ड्रम में किसी की लाश है. मौके पर पहुंचकर जब पुलिस ने ड्रम खोला तो उसमें से एक युवती का शव मिला. उन्होंने पुष्टि की कि फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो पाई है. जांच के दौरान पुलिस को एक अहम सुराग मिला है जो लड़की के शरीर पर बने टैटू से जुड़ा है. पुलिस के अनुसार लड़के के एक हाथ पर नेहा का टैटू बना हुआ है जबकि दूसरे हाथ पर दिल का निशान है. जांचकरताओं को उम्मीद है कि इन टैटू की मदद से लड़की की पहचान करने और गुमशुदगी की रिपोर्टों से उसका मिलान करने में मदद मिलेगी