पंजाब के सरकारी स्कूलों के लिए नया आदेश जारी, सोशल मीडिया पर शेयर करनी होगी हर उपलब्धि और एक्टिविटी

पंजाब के सरकारी स्कूल अब सोशल मीडिया पर भी अपनी पहचान बनाएंगे. स्कूल शिक्षा विभाग ने राज्य के सभी सरकारी स्कूलों को निर्देश दिया है कि वे कम से कम एक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपना आधिकारिक खाता बनाएं और सक्रिय रखें.

Pinterest
Antima Pal

चंडीगढ़: पंजाब के सरकारी स्कूल अब सोशल मीडिया पर भी अपनी पहचान बनाएंगे. स्कूल शिक्षा विभाग ने राज्य के सभी सरकारी स्कूलों को निर्देश दिया है कि वे कम से कम एक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपना आधिकारिक खाता बनाएं और सक्रिय रखें.

पंजाब के सरकारी स्कूलों के लिए नया आदेश जारी

विभाग का मकसद यह है कि स्कूलों में होने वाली अच्छी गतिविधियां, विद्यार्थियों और शिक्षकों की उपलब्धियां तथा नई शिक्षण विधियां आम लोगों तक पहुंचें. स्कूलों को एक्स, फेसबुक या इंस्टाग्राम में से किसी एक प्लेटफॉर्म पर खाता खोलना होगा.

सोशल मीडिया पर शेयर करनी होगी हर उपलब्धि और एक्टिविटी

राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) ने इस संबंध में साफ निर्देश जारी किए हैं. जिन स्कूलों के पास पहले से आधिकारिक सोशल मीडिया खाते हैं, उन्हें निर्धारित वेब फॉर्म के जरिए इन खातों की पूरी जानकारी विभाग को देनी होगी.  


जिन स्कूलों के पास अभी कोई आधिकारिक खाता नहीं है, उन्हें नया खाता बनाकर उसकी जानकारी ई-स्टार पोर्टल पर दर्ज करनी होगी. स्कूल प्रमुखों को यह सुनिश्चित करना होगा कि खाता नियमित रूप से अपडेट रहे.  

विभाग ने कहा है कि स्कूल अपनी सकारात्मक गतिविधियों की जानकारी लगातार साझा करें. इसमें विद्यार्थियों की सफलताएं, शिक्षकों की उपलब्धियां, कक्षा में अपनाई जा रही नई शिक्षण विधियां, स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) के काम और स्कूल में होने वाले अन्य महत्वपूर्ण कार्यक्रम शामिल हैं.  

इस पहल से अभिभावकों और आम नागरिकों को सरकारी स्कूलों में हो रहे अच्छे कार्यों की जानकारी आसानी से मिल सकेगी. साथ ही विद्यार्थियों और शिक्षकों की मेहनत और उपलब्धियों को भी सार्वजनिक मंच मिलेगा. सोशल मीडिया के माध्यम से स्कूल अपनी छवि और मजबूत कर सकेंगे.