menu-icon
India Daily

18 राज्यों में बारिश का बड़ा अलर्ट, चलेंगी तेज हवाएं; उत्तराखंड-ओडिशा में भारी खतरा

देश के कई हिस्सों में मानसून की सक्रियता के बीच मौसम विभाग ने अगले 12 घंटों के लिए 18 राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है. उत्तराखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और झारखंड में भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका है.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
18 राज्यों में बारिश का बड़ा अलर्ट, चलेंगी तेज हवाएं; उत्तराखंड-ओडिशा में भारी खतरा
Courtesy: ANI

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे पश्चिम बंगाल-उत्तरी ओडिशा तट के पास कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है. इसके प्रभाव से पूर्वी और मध्य भारत में बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना है.

पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन और मिट्टी खिसकने का खतरा भी रहेगा. तेज हवाओं से पेड़ और कमजोर ढांचे प्रभावित हो सकते हैं, जिससे सड़क और रेल यातायात पर असर पड़ने की आशंका है.

इन 18 राज्यों में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, महाराष्ट्र, कर्नाटक और केरल समेत 18 राज्यों में बारिश की चेतावनी जारी की है. अगले 24 घंटे में ओडिशा, छत्तीसगढ़, झारखंड और उत्तराखंड के कई हिस्सों में अचानक बाढ़ का खतरा भी जताया गया है.

उत्तर प्रदेश में 5 सितंबर तक बारिश

उत्तर प्रदेश में 31 अगस्त से 5 सितंबर तक बारिश का दौर बना रह सकता है. वाराणसी, गोरखपुर, आजमगढ़, बलिया, गाजीपुर, मऊ, जौनपुर, देवरिया, कुशीनगर, महाराजगंज, बस्ती, सिद्धार्थनगर, मिर्जापुर, मेरठ, गाजियाबाद, बुलंदशहर, मुरादाबाद, बिजनौर, रामपुर और अमरोहा समेत कई जिलों में भारी बारिश की संभावना है. कुछ स्थानों पर आंधी और बिजली गिरने का खतरा भी रहेगा. पूर्वी उत्तर प्रदेश में 1 से 5 सितंबर के बीच कई इलाकों में बारिश हो सकती है.

उत्तराखंड और हिमाचल में बढ़ी चिंता

उत्तराखंड में 31 अगस्त और 1 सितंबर को कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है. अल्मोड़ा, बागेश्वर, चमोली, चंपावत, देहरादून, नैनीताल, रुद्रप्रयाग, टिहरी, पौड़ी और उत्तरकाशी में अचानक बाढ़ का खतरा बताया गया है. 5 सितंबर तक राज्य में भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है. हिमाचल प्रदेश के शिमला, सिरमौर, चंबा, हमीरपुर, कांगड़ा, किन्नौर, कुल्लू और लाहौल सहित कई जिलों में 31 अगस्त से 5 सितंबर तक भारी बारिश की चेतावनी है.

बिहार और झारखंड में भी भारी बारिश

बिहार में 31 अगस्त को कई स्थानों पर बारिश और कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है. 1 और 2 सितंबर को भी बारिश जारी रहने की संभावना है. पिछले 24 घंटे में औरंगाबाद में 8 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई. झारखंड में 31 अगस्त को भारी से बहुत भारी बारिश का खतरा है. पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, खूंटी, सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा, लातेहार, पलामू, हजारीबाग, गढ़वा और चतरा में अचानक बाढ़ का खतरा बताया गया है.

ओडिशा और छत्तीसगढ़ में बिगड़ेगा मौसम

ओडिशा और छत्तीसगढ़ में मौसम सबसे ज्यादा चिंताजनक रह सकता है. दोनों राज्यों में 31 अगस्त को अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी है. ओडिशा में 1 सितंबर को भी कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है. वहीं राजधानी दिल्ली में 31 अगस्त को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है.