बठिंडा: पंजाब के बठिंडा जिले में बुधवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में अमरनाथ यात्रा पर जा रहे तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि एक अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसा डबवाली-बठिंडा हाईवे पर उस समय हुआ जब श्रद्धालुओं की गाड़ी सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से टकरा गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है.
जानकारी के अनुसार सभी श्रद्धालु राजस्थान के बाड़मेर से अमरनाथ यात्रा के लिए निकले थे. बुधवार सुबह करीब चार से पांच बजे के बीच उनकी गाड़ी डबवाली-बठिंडा हाईवे पर पहुंची. इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराया. टक्कर इतनी तेज थी कि गाड़ी का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई.
Vehicle of Pilgrims Heading to Amarnath Collides with Truck
— Siraj Noorani (@sirajnoorani) July 1, 2026
Devotees en route to the Amarnath Yatra became victims of a major accident. Their traveler crashed into a truck parked on the road, causing significant damage to both vehicles. In this tragic mishap, three people died… pic.twitter.com/x3CJc3zYe9
हादसे में गंभीर रूप से घायल यात्री को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया. उसे एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा है. अस्पताल प्रशासन के अनुसार घायल की हालत फिलहाल गंभीर बनी हुई है.
थाना संगत के पुलिस अधीक्षक जगदीप सिंह ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस को सुबह दुर्घटना की सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई. दुर्घटनास्थल का निरीक्षण भी किया गया है ताकि हादसे के कारणों का पता लगाया जा सके.
पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में सामने आया है कि श्रद्धालुओं की गाड़ी सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराई थी. हालांकि दुर्घटना के सही कारणों की जांच अभी जारी है. पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हादसे के समय ट्रक निर्धारित सुरक्षा नियमों के अनुसार खड़ा था या नहीं.
अधिकारियों ने बताया कि समाचार लिखे जाने तक मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी थी. पुलिस उनके परिजनों से संपर्क करने और पहचान सुनिश्चित करने का प्रयास कर रही है. साथ ही घायल यात्री के संबंध में भी आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है.
पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.