menu-icon
India Daily

पंजाब में पार्किंग को लेकर खूनी बवाल, पड़ोसी ने लोहे के कड़े से युवक का फोड़ा सिर; CCTV में कैद हुई वारदात

लुधियाना के जीटीबी नगर में कार पार्किंग को लेकर शुरू हुआ पड़ोसियों का विवाद हिंसक झड़प में बदल गया. हमले में एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ, जबकि पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई.

KanhaiyaaZee
पंजाब में पार्किंग को लेकर खूनी बवाल, पड़ोसी ने लोहे के कड़े से युवक का फोड़ा सिर; CCTV में कैद हुई वारदात
Courtesy: Social Media

लुधियाना के जमालपुर थाना क्षेत्र स्थित जीटीबी नगर में एक मामूली पार्किंग विवाद ने गंभीर रूप ले लिया. पड़ोसियों के बीच शुरू हुई बहस कुछ ही मिनटों में मारपीट में बदल गई, जिसमें एक युवक के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं. घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसके सिर पर कई टांके लगाए गए. घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसने पूरे मामले को चर्चा का विषय बना दिया है.

जानकारी के अनुसार, वीर पैलेस के पीछे स्थित इलाके में रहने वाले दो पड़ोसी परिवारों के बीच घर के बाहर वाहन खड़े करने को लेकर विवाद शुरू हुआ. पीड़ित परिवार का कहना है कि पड़ोसियों ने पहले अपनी कार खड़ी की थी. इसके बाद बची हुई जगह पर एक्टिवा लगाने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई. देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया और मामला हाथापाई तक पहुंच गया.

युवक पर किया गया हमला

पीड़ित सुमित कुमार और उनकी पत्नी रंजीत के अनुसार, विवाद के दौरान आरोपी अपनी कार से बाहर निकला और सीधे सुमित पर हमला कर दिया. आरोप है कि उसने पहले सुमित का कॉलर पकड़कर उन्हें जमीन पर गिराया. इसके बाद हाथ में पहने भारी लोहे के कड़े से उनके सिर पर कई बार वार किए. हमले में सुमित गंभीर रूप से घायल हो गए.

बीच-बचाव करने आई पत्नी भी घायल

जब रंजीत अपने पति को बचाने के लिए आगे आईं तो उन्हें भी धक्का दिया गया. उनका आरोप है कि उनके बाल खींचे गए और उन्हें जमीन पर गिरा दिया गया, जिससे उनकी बांह में चोट आई. परिवार का यह भी कहना है कि मारपीट के दौरान सुमित की सोने की चेन गायब हो गई और उनकी गाड़ी को भी नुकसान पहुंचाया गया.

सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई घटना

घटना स्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी वारदात रिकॉर्ड हो गई. फुटेज में कथित हमलावर को सुमित पर हमला करते हुए देखा जा सकता है. वीडियो में सिर पर लगातार वार किए जाने का दृश्य भी दिखाई देता है. पीड़ित परिवार ने यह फुटेज पुलिस को सौंप दी है और इसे मामले में अहम सबूत बताया जा रहा है.

पुलिस कर रही जांच

घटना को लेकर पीड़ित परिवार ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं. उनका आरोप है कि शिकायत के बावजूद तत्काल कार्रवाई नहीं हुई. वहीं पुलिस अधिकारी बलविंदर सिंह का कहना है कि दोनों पक्षों की ओर से शिकायतें मिली हैं. मेडिकल रिपोर्ट और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच जारी है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के अनुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी.