पंजाब के मानसा जिले से सामने आई एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है. एक किराए के मकान में रहने वाली महिला और उसके तीन छोटे बच्चों की मौत के बाद कई सवाल खड़े हो गए हैं. पुलिस की शुरुआती जांच में यह आशंका जताई गई है कि महिला ने पहले बच्चों की जान ली और फिर खुद आत्महत्या कर ली. हालांकि अधिकारी अभी किसी परिणाम पर नहीं पहुंचे पाए हैं और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है.
यह घटना मानसा के वार्ड नंबर-3 की है. शुरुआती जानकारी के अनुसार संदीप कौर अपने तीन बच्चों के साथ किराए के मकान में रहती थीं. आरोप है कि पहले दो बेटियों और एक बेटे की गला दबाकर हत्या की गई. इसके बाद महिला ने कमरे में फंदा लगाकर अपनी जान दे दी. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए.
सूचना मिलने पर थाना सिटी-2 की पुलिस मौके पर पहुंची. घर के अंदर तीनों बच्चों के शव बिस्तर पर मिले, जबकि महिला फंदे से लटकी हुई मिली. पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मानसा के सिविल अस्पताल भेज दिया. घटनास्थल से साक्ष्य भी जुटाए गए हैं, ताकि पूरे घटनाक्रम को समझा जा सके.
वार्ड के पूर्व एमसी रामपाल सिंह के अनुसार महिला किराए के मकान में रहती थी. घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है. स्थानीय लोगों का कहना है कि किसी को भी इस तरह की घटना की आशंका नहीं थी. परिवार के साथ हुई इस त्रासदी ने सभी को गहरे सदमे में डाल दिया है.
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि इस घटना के पीछे वास्तविक वजह क्या थी. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि क्या महिला किसी मानसिक, पारिवारिक या आर्थिक तनाव से गुजर रही थी या इसके पीछे कोई अन्य कारण था. अधिकारियों ने कहा कि जांच सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है. मामले के कारणों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है.