menu-icon
India Daily

पटियाला पुलिस का बड़ा एक्शन, मुठभेड़ के बाद गोल्डी ढिल्लों गैंग के दो शूटर गिरफ्तार; चुनाव के पहले दहशत फैलाने की थी साजिश

पटियाला पुलिस ने राजपुरा फायरिंग मामले में दो आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया. वहीं एक बदमाश घायल हुआ.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
पटियाला पुलिस का बड़ा एक्शन, मुठभेड़ के बाद गोल्डी ढिल्लों गैंग के दो शूटर गिरफ्तार; चुनाव के पहले दहशत फैलाने की थी साजिश
Courtesy: X

राजपुरा में प्रॉपर्टी कारोबारी के दफ्तर पर हुई फायरिंग के मामले में पटियाला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो कथित शूटरों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया. इस दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि दोनों से हथियार और बाइक भी बरामद हुई.

पुलिस के शिकंजे में दोनों आरोपी

पटियाला पुलिस की सीआईए टीम और समाना सीआईए ने संयुक्त अभियान चलाकर दोनों आरोपियों को पकड़ा. पुलिस के मुताबिक, पटियाला-संगरूर बाईपास के पास जंगली बीड़ इलाके में घेराबंदी की गई. इसी दौरान आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की. जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी और दोनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया. घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने दोनों के पास से अवैध हथियार और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद की है.

सोशल मीडिया पोस्ट के बाद पुलिस हुई थी अलर्ट

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान परमजीत सिंह उर्फ पम्मा और जसकरण सिंह के रूप में हुई है. दोनों कपूरथला जिले के गांव हमीरा के रहने वाले हैं. कुछ दिन पहले राजपुरा के लक्ष्मी प्रॉपर्टी कार्यालय पर फायरिंग हुई थी. घटना के तुरंत बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हुई, जिसमें राणा ढिल्लों और गोल्डी ढिल्लों गैंग के नाम से इस वारदात की जिम्मेदारी ली गई थी. इसी पोस्ट में स्थानीय लोगों और कुछ नेताओं को धमकियां भी दी गई थी. इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी थी.

चुनाव से पहले डर फैलाने की साजिश

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में यह मामला केवल फायरिंग तक सीमित नहीं लगता. आशंका है कि चुनाव से पहले इलाके में डर और तनाव का माहौल बनाने की कोशिश की जा रही थी. पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर गैंग के अन्य सदस्यों और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है. अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही इस मामले से जुड़े मुख्य साजिशकर्ताओं और पर्दे के पीछे काम करने वाले लोगों का भी खुलासा किया जाएगा.