ड्रग तस्करी के खिलाफ मान सरकार सख्त, अमृतसर में 30 किलो से अधिक हेरोइन बरामद; 6 आरोपी गिरफ्तार
पंजाब पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ सख्त अभियान चलाए जा रहे हैं. जिसमें राज्य की पुलिस को सफलता भी मिली है. इस मामलेसे जुड़े एक गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है.
पंजाब पुलिस को नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हाथ लगी है. अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने सीमा पार से संचालित एक संगठित ड्रग तस्करी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 30 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करोड़ों रुपये आंकी जा रही है.
इस कार्रवाई को पंजाब में नशे के कारोबार के खिलाफ चल रही मुहिम की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है. पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में कई अहम जानकारियां सामने आई हैं, जिनसे इस नेटवर्क के अंतरराष्ट्रीय संबंधों का संकेत मिला है. मामले की गहन जांच जारी है और पुलिस इस पूरे गिरोह की जड़ तक पहुंचने का प्रयास कर रही है.
तस्करों का दुबई से जुड़ा है लिंक?
जांच के दौरान पता चला है कि गिरफ्तार किए गए आरोपी दुबई में रह रहे एक तस्कर के संपर्क में थे. बताया जा रहा है कि यही तस्कर सीमा पार से पंजाब में हेरोइन की खेप पहुंचाने में अहम भूमिका निभा रहा था. पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी उसके निर्देशों के आधार पर काम करते थे. सीमा पार से भेजी गई हेरोइन की खेप को तय स्थानों से प्राप्त करने के बाद वे उसे राज्य के विभिन्न हिस्सों में सक्रिय लोगों तक पहुंचाते थे.
Also Read
- पंजाब के किसानों को बड़ी राहत देने की तैयारी, मान सरकार खत्म कर सकती है वॉटर सेस
- CM धामी ने PM मोदी को लिखा पत्र, मोदी युग में मिली देवभूमि को नई पहचान; प्रगति ने पकड़ी रफ्तार
- 'किसानी के क्षेत्र में अभूतपूर्व परिवर्तन', मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने पर सीएम धामी ने गिनाईं कृषि क्षेत्र की उपलब्धियां
प्रारंभिक जांच से यह भी संकेत मिले हैं कि यह नेटवर्क लंबे समय से सक्रिय था और संगठित तरीके से ड्रग्स की सप्लाई कर रहा था. इस मामले में अमृतसर के छेहरटा पुलिस स्टेशन में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है.
युद्ध नशे विरुद्ध अभियान प्रभावी
जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस तस्करी नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल है, हेरोइन की सप्लाई चेन किस प्रकार काम करती थी और इसके पीछे आर्थिक लेन-देन का ढांचा क्या था. इसके साथ ही हवाला नेटवर्क की संभावित भूमिका की भी जांच की जा रही है. अधिकारियों का मानना है कि इस मामले में कई और अहम खुलासे हो सकते हैं.
पुलिस केवल तस्करों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहना चाहती, बल्कि पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने की दिशा में काम कर रही है. पंजाब पुलिस की इस उपलब्धि की आम आदमी पार्टी ने भी सराहना की है. पार्टी ने कहा कि ड्रग्स की हर बड़ी बरामदगी, हर कार्टेल का पर्दाफाश और तस्करी के हर नेटवर्क को खत्म करना इस बात का प्रमाण है कि युद्ध नशे विरुद्ध अभियान ड्रग माफिया के खिलाफ प्रभावी साबित हो रहा है.