गैंगस्टरवाद के खिलाफ 164 दिन की मुहिम, AAP ने बताया कितना बदला पंजाब
आम आदमी पार्टी ने कहा कि भगवंत मान सरकार पंजाब से गैंगस्टरवाद और नशाखोरी खत्म करने के लिए लगातार अभियान चला रही है. अब तक हजारों गैंगस्टर और नशा तस्कर गिरफ्तार किए जा चुके हैं.
आम आदमी पार्टी के पंजाब मुख्य प्रवक्ता और विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार राज्य से गैंगस्टरवाद और नशाखोरी खत्म करने के लिए पूरी गंभीरता से काम कर रही है. उन्होंने बताया कि सरकार का 'गैंगस्टरां ते वार' अभियान 164वें दिन में पहुंच चुका है. उनके अनुसार, इस अभियान के दौरान पंजाब पुलिस ने अब तक 43,127 गैंगस्टरों को गिरफ्तार किया है. धालीवाल ने कहा कि सरकार कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और युवाओं को अपराध के माहौल से बाहर निकालने के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है.
'युद्ध नशेआं विरुद्ध' अभियान भी तेज
धालीवाल ने बताया कि सरकार का 'युद्ध नशेआं विरुद्ध' अभियान भी लगातार चल रहा है. उन्होंने कहा कि अभियान के 489वें दिन पुलिस ने 2.1 किलोग्राम हेरोइन बरामद की और 187 कथित नशा तस्करों को गिरफ्तार किया. उनके अनुसार, इस अभियान के तहत अब तक 71,538 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है. उन्होंने कहा कि सरकार जनता से किए गए वादों को पूरा करने के साथ-साथ राज्य की सुरक्षा को भी सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है. धालीवाल ने चेतावनी दी कि पंजाब की शांति भंग करने और युवाओं को नशे की ओर धकेलने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा.