लुधियाना में गर्भवती पत्नी की संदिग्ध मौत, पति पर हत्या का आरोप; गला घोंटने और मारपीट का दावा

लुधियाना में तीन महीने की गर्भवती महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मायके वालों ने पति पर नशे में मारपीट और गला घोंटकर हत्या करने का आरोप लगाया है. दो आरोपी पकड़े गए हैं.

Pinterest
Kanhaiya Kumar Jha

लुधियाना: लुधियाना में तीन महीने की गर्भवती महिला की मौत के मामले ने परिवार को झकझोर दिया है. मृतका हरप्रीत कौर के मायके वालों ने उसके पति जसप्रीत सिंह पर हत्या का आरोप लगाया है. परिवार के अनुसार, सोमवार रात पति नशे की हालत में घर आया और पत्नी के साथ मारपीट की. बाद में मायके वालों को फोन कर उसकी हालत गंभीर बताई गई. घर पहुंचने पर महिला बिस्तर पर मृत मिली. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

मायके वालों के मुताबिक, मंडी अहमदगढ़ की हरप्रीत कौर की शादी 27 सितंबर 2025 को मुल्लांपुर दाखा के गांव बुर्ज लिट्‌टां निवासी जसप्रीत सिंह से हुई थी. हरप्रीत ने 12वीं तक पढ़ाई की थी, जबकि जसप्रीत पंजाब स्तर का कबड्डी खिलाड़ी है. परिवार का कहना है कि शादी के बाद से ही घरेलू विवाद चल रहा था. पिता जगतार सिंह के मुताबिक, पति पहले भी उनकी बेटी को धमकाता था.

घरेलू विवाद के चलते मायके गई थी हरप्रीत

परिवार का आरोप है कि पति पैसे और दहेज को लेकर हरप्रीत के साथ मारपीट करता था. परेशान होकर वह अपने मायके गांव घूंघराणा चली गई थी. हरप्रीत तीन महीने की गर्भवती थी. घटना से एक दिन पहले ही उसने अस्पताल में स्कैनिंग कराई थी. मायके वालों के अनुसार, उसने अपनी मां को गर्भावस्था की जानकारी दी थी. परिवार में आने वाले बच्चे को लेकर खुशी का माहौल था.


रविवार को पति समझाकर वापस ले गया

मायके वालों के अनुसार, रविवार को जसप्रीत सिंह अहमदगढ़ मंडी पहुंचा और हरप्रीत को समझाकर अपने साथ गांव बुर्ज लिट्‌टां ले गया. परिवार का दावा है कि उसने नशा छोड़ने का भरोसा भी दिया था. इसके बाद सोमवार रात वह कथित तौर पर नशे की हालत में घर पहुंचा. परिवार का आरोप है कि उसने हरप्रीत के साथ मारपीट की और फिर उसका गला घोंट दिया.

रात 2 बजे मायके वालों को किया फोन

हरप्रीत के चाचा जोगा सिंह के अनुसार, रात करीब 12 बजे उसके साथ मारपीट की गई. करीब 2 बजे मायके वालों को फोन कर बताया गया कि उसकी तबीयत गंभीर है और उसने आत्महत्या की कोशिश की है. हालांकि, फोन करने वाले ने यह स्पष्ट नहीं किया कि उसने फंदा लगाया था या कोई जहरीली चीज खाई थी. परिजन घर पहुंचे तो हरप्रीत बिस्तर पर पड़ी थी. उसके गले और पीठ पर चोट के निशान थे और पैर का अंगूठा भी टूटा मिला.

पुलिस ने पति और दादा ससुर को पकड़ा

मायके वालों ने पुलिस को सूचना देकर हत्या का आरोप लगाया. उनका कहना है कि हरप्रीत की मौत को आत्महत्या दिखाने की कोशिश की गई. सुधार थाने में जसप्रीत सिंह, ससुर जगदीप सिंह और दादा ससुर नरिंदर सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया गया है. पुलिस ने पति और दादा ससुर को पकड़ लिया है. थाना प्रभारी कुलविंदर सिंह के मुताबिक, मामले की जांच जारी है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी.