लुधियाना में शादी के 5 महीने बाद युवक ने की आत्महत्या, VIDEO में पत्नी और ससुराल पर लगाए गंभीर आरोप

लुधियाना में शादी के पांच महीने बाद युवक ने नहर में कूदकर जान दे दी. मौत से पहले बनाए वीडियो में उसने पत्नी और ससुराल पक्ष पर मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए. पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Social Media
Kanhaiya Kumar Jha

लुधियाना: पंजाब के लुधियाना में एक 29 वर्षीय युवक की आत्महत्या ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. युवक ने गिल नहर में छलांग लगाने से पहले एक वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें उसने अपनी पत्नी और ससुराल पक्ष पर लगातार मानसिक दबाव बनाने का आरोप लगाया. परिवार की शिकायत के आधार पर पुलिस ने पत्नी समेत पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है.

मृतक करणदीप सिंह ने वीडियो में कहा कि शादी के बाद वह अपना घर बसाना चाहता था, लेकिन पत्नी और उसके परिवार के व्यवहार से वह लगातार मानसिक तनाव में रहने लगा. उसने आरोप लगाया कि उसके ससुर अपने पद का प्रभाव दिखाकर परिवार को धमकाते थे. वहीं पत्नी की बड़ी बहन के पति, जो पेशे से वकील हैं, उन पर भी डराने-धमकाने का आरोप लगाया.

घरेलू विवाद बना तनाव की वजह

वीडियो में करणदीप ने कहा कि पति-पत्नी के बीच विवाद केवल इतनी बात पर हुआ था कि पत्नी सुबह समय पर उठ जाए ताकि घर का काम और नौकरी से जुड़ी जिम्मेदारियां समय पर पूरी हो सकें. उसका दावा था कि उसने कभी पत्नी के साथ मारपीट या गलत व्यवहार नहीं किया. उसने यह भी कहा कि मोबाइल में बातचीत और रिकॉर्डिंग के रूप में कई सबूत सुरक्षित हैं.


परिवार ने लगाए प्रताड़ना के आरोप

करणदीप के पिता ने बताया कि बेटा पत्नी से बातचीत तक नहीं कर पा रहा था. परिवार ने दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने की कई कोशिशें कीं, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका. उनका आरोप है कि ससुराल जाने पर बेटे के साथ अच्छा व्यवहार नहीं किया जाता था और उसे पत्नी से मिलने तक नहीं दिया जाता था.

भाई ने बताई आखिरी बातचीत

मृतक के छोटे भाई ने कहा कि घटना से पहले करणदीप बेहद परेशान था. उसके मुताबिक, पत्नी मायके चली गई थी और वापस आने से इनकार कर रही थी. परिवार को उम्मीद थी कि बातचीत से मामला सुलझ जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हो सका. भाई का दावा है कि घटना वाले दिन करणदीप ने फोन कर नहर में कूदने की बात कही थी.

पुलिस ने दर्ज किया केस

पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत पर पत्नी, ससुर, दो सालों और वकील जीजा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है. थाना शिमलापुरी पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है. जांच पूरी होने के बाद सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.