जैन मंदिर में चोरी करने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार, चांदी की मूर्तियां और कीमती सामान बरामद
लुधियाना पुलिस ने जैन मंदिर में हुई चोरी का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पूछताछ के बाद चोरी की गई चांदी की धार्मिक वस्तुएं और अन्य सामान बरामद कर लिया गया है.
लुधियाना के न्यू सूर्य विहार स्थित जैन मंदिर में हुई चोरी की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है. तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. पुलिस का कहना है कि आरोपियों की निशानदेही पर मंदिर से चोरी किया गया कीमती सामान भी बरामद कर लिया गया है.
तकनीकी जांच से पुलिस को मिली सफलता
पुलिस कमिश्नर स्वपन शर्मा के निर्देश पर थाना पीएयू की टीम ने इस मामले की गहन जांच की. मंदिर में 13 और 14 जून 2026 की रात हुई चोरी के संबंध में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था. जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस ने रोशन कुमार और सुनील मंडल उर्फ मरिंदी को गिरफ्तार किया. दोनों आरोपी फिलहाल लुधियाना के डेयरी कॉम्प्लेक्स क्षेत्र में रह रहे थे.
पूछताछ में चोरी की वारदात कबूली
पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों आरोपियों ने मंदिर से चोरी करने की बात स्वीकार कर ली. उन्होंने शांतिनाथ भगवान की चांदी की प्रतिमा, चांदी का मंगल कलश, सिद्ध चक्र, पूजा में उपयोग होने वाली कई चांदी की प्लेटें और कटोरे, मंदिर की तिजोरी से नकदी तथा डीवीआर चोरी करने की जानकारी दी. आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चांदी की प्रतिमा, मंगल कलश और सिद्ध चक्र सहित महत्वपूर्ण सामान बरामद कर लिया.
Also Read
एक आरोपी पर पहले से दर्ज हैं मामले
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी रोशन कुमार के खिलाफ पहले भी चोरी के कई मामले दर्ज हैं. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों आरोपियों का किसी अन्य चोरी की वारदात से भी संबंध है या नहीं. अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और बरामद सामान को कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद मंदिर प्रबंधन को सौंपा जाएगा.