US Israel Iran War

ये क्या इंडिगो फ्लाइट में धुआं- धुआं... पावर बैंक में धमाका होते ही मच गई अफरा- तफरी, 5 यात्री जख्मी

पंजाब के मोहाली एयरपोर्ट पर इंडिगो फ्लाइट में पावर बैंक में धमाका होने से बड़ा हादसा हो गया. इस घटना में पांच यात्रियों के घायल होने की सूचना है. यह हादसा लैंडिंग के दौरान हुआ.

Google
Dhiraj Kumar Dhillon

पंजाब के मोहाली एयरपोर्ट पर आज उस समय अफरा- तफरी मच गई जब कि इंडिगो फ्लाइट के लैडिंग के दौरान एक यात्री का पावर बैंक फट गया. पावर बैंक में हुए धमाके की चपेट में आने से पांच यात्रियों के जख्मी होने की खबर है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक एयर होस्टेस और क्रू मेंबर्स ने फायर फाइटिंग के लिए मौजूद उपकरणों की मदद से आग पर काबू पाया. मोबाइल रिचार्ज करने के ल‌िए रखे गए पावर बैंक में जोरदार धमाका होते ही पूरे विमान में धुआं भर गया. धुआं फैलने के चलते यात्री घबरा गए और उन्हें बाहर निकालने के लिए इमरजेंसी एग्जिट गेट से तत्काल बाहर निकाला गया.

हैदराबाद से चंडीगढ़ पहुंची थी फ्लाइट

इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट संख्या 6E-108 मंगलवार को हैदराबाद से चंड़ीगढ़ पहुंची थी. इस फ्लाइट की मोहाली स्थित शहीद भगत सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान एक यात्री के पावर बैंक में अचानक ब्लास्ट हो गया. तेज आवाज के साथ हुए इस धमाके और धुएं के चलते यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई. इमरजेंसी एग्जिट गेट खोलने में थोड़ी दिक्कत आने से यात्रियों की धड़कनें और बढ़ गईं हालांकि कुछ ही देर में आपातकालीन गेट खोलकर सभी यात्रियों को बाहर निकाल लिया गया.

घायल यात्रियों को अस्पताल में भर्ती कराया

इंडिगो प्रबंधन की ओर इस विस्फोट में घायल हुए पांच यात्रियों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया. एयरपोर्ट अधिकारी और सुरक्षा एजेंसियां हादसे की जांच में जुट गई हैं. फिलहाल सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, एयरपोर्ट पर अब स्थिति सामान्य बताई गई है.