menu-icon
India Daily

विश्व कप से पहले स्वर्ण मंदिर पहुंचे भारतीय हॉकी टीम के कप्तान कप्तान हरमनप्रीत सिंह, पाकिस्तान और इंग्लैंड से भिड़ंत पर दिया बड़ा बयान

भारतीय हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह विश्व कप से पहले श्री हरिमंदिर साहिब पहुंचे.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
विश्व कप से पहले स्वर्ण मंदिर पहुंचे भारतीय हॉकी टीम के कप्तान कप्तान हरमनप्रीत सिंह, पाकिस्तान और इंग्लैंड से भिड़ंत पर दिया बड़ा बयान
Courtesy: X

भारतीय हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने हॉकी विश्व कप से पहले अमृतसर स्थित श्री हरिमंदिर साहिब में माथा टेककर देश की जीत की कामना की. परिवार के साथ पहुंचे कप्तान ने गुरु के सामने अरदास की और कहा कि पूरी टीम विश्व कप के लिए पूरी मेहनत और विश्वास के साथ तैयारी कर रही है.

विश्व कप से पहले गुरु के दर पर पहुंचे कप्तान

विश्व कप की शुरुआत से पहले भारतीय हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने आध्यात्मिक आशीर्वाद लेने के लिए श्री हरिमंदिर साहिब पहुंचकर माथा टेका. उन्होंने गुरु चरणों में देश और टीम की सफलता के लिए अरदास की. इस दौरान उनके साथ परिवार के सदस्य भी मौजूद रहे. दर्शन करने के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि बड़े टूर्नामेंट से पहले गुरु का आशीर्वाद लेना उनके लिए हमेशा खास रहता है. उन्होंने उम्मीद जताई कि भारतीय टीम इस बार भी पूरे आत्मविश्वास के साथ मैदान में उतरेगी और देशवासियों की उम्मीदों पर खरी उतरेगी. उन्होंने कहा कि टीम का लक्ष्य केवल अच्छा प्रदर्शन करना नहीं, बल्कि विश्व कप का खिताब जीतना है.

मजबूत टीमों से होगी कड़ी टक्कर

हरमनप्रीत सिंह ने बताया कि प्रो लीग में भारतीय टीम का प्रदर्शन काफी अच्छा रहा और खिलाड़ियों का आत्मविश्वास भी बढ़ा है. उन्होंने कहा कि विश्व कप में भारत का मुकाबला पाकिस्तान, इंग्लैंड और वेल्स जैसी मजबूत टीमों से होगा. ऐसे मुकाबलों में हर छोटी गलती का असर पड़ता है, इसलिए टीम हर मैच को पूरी गंभीरता से खेलेगी. उन्होंने कहा कि यूरोप दौरे पर मिले अनुभव का फायदा विश्व कप में मिलेगा. कप्तान ने यह भी बताया कि विश्व कप के बाद एशियाई खेल और एशियन चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े टूर्नामेंट भी होने हैं. अगले महीने बेंगलुरु में शुरू होने वाले राष्ट्रीय शिविर में टीम अपनी तैयारियों को और मजबूत करेगी.

युवाओं को दिया मेहनत और अनुशासन का संदेश

हरमनप्रीत सिंह ने देश के युवा खिलाड़ियों को मेहनत और अनुशासन का महत्व समझाया. उन्होंने कहा कि भारत में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की कोई कमी नहीं है लेकिन सफलता पाने के लिए लगातार मेहनत करना जरूरी है. उन्होंने युवाओं से अपने कोच, माता-पिता और बड़ों का सम्मान करने की अपील की. उनके अनुसार खेल में आगे बढ़ने के लिए केवल प्रतिभा ही नहीं, बल्कि सही सोच, धैर्य और अनुशासन भी जरूरी होता है. उन्होंने कहा कि गुरु पर विश्वास और कठिन मेहनत से हर खिलाड़ी अपने सपनों को पूरा कर सकता है. कप्तान ने विश्वास जताया कि भारतीय टीम इस विश्व कप में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेगी और देश का नाम दुनिया में ऊंचा करेगी.