बठिंडा जासूसी कैमरे के मुख्य आरोपी 'नींबू' से अब पूछताछ करेगी IB, सीमा पार कनेक्शन का शक

बठिंडा के कथित जासूसी कैमरा मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपी ‘नींबू’ से अब इंटेलिजेंस ब्यूरो पूछताछ करेगा.

X
Ashutosh Rai

बठिंडा में मिले कथित जासूसी कैमरे के मामले की जांच अब और तेज हो गई है. पुलिस की पूछताछ के बाद मुख्य आरोपी ‘नींबू’ से अब इंटेलिजेंस ब्यूरो भी सवाल करेगा. जांच एजेंसियों का मानना है कि इस पूछताछ से पूरे मामले से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं.

मुख्य आरोपी से पूछताछ के बाद जांच ने पकड़ी रफ्तार

मलोट रोड पर मिले कथित जासूसी कैमरे के मामले में पुलिस लगातार जांच कर रही है. थर्मल पुलिस थाना की टीम ने गिरफ्तार मुख्य आरोपी ‘नींबू’ को दो दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की. जांच के दौरान आरोपी से कई अहम जानकारियां मिलने का दावा किया गया है. पुलिस का कहना है कि पूछताछ में मिले सुरागों के आधार पर मामले को आगे बढ़ाया जा रहा है. इसी बीच अब इंटेलिजेंस ब्यूरो की टीम भी आरोपी से पूछताछ करेगी. अधिकारियों को उम्मीद है कि इस प्रक्रिया के दौरान कैमरा लगाने के पीछे की पूरी योजना और उससे जुड़े लोगों के बारे में और जानकारी सामने आ सकती है.

आईबी करेगी गहराई से सवाल

सूत्रों के अनुसार आईबी की टीम आरोपी से कई महत्वपूर्ण पहलुओं पर सवाल करेगी. इसमें सीमा पार किसी संभावित संपर्क, कैमरा लगाने की वजह, पूरी साजिश और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका को लेकर पूछताछ की जाएगी. पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि इस मामले में एक और व्यक्ति की भूमिका हो सकती है. आरोपी ‘नींबू’ ने पूछताछ के दौरान अपने एक साथी के बारे में जानकारी दी है, जिसके बाद पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है. जांच एजेंसियों का मानना है कि चौथे आरोपी तक पहुंचने के बाद मामले की कई कड़ियां और साफ हो सकती हैं.


पुलिस बरत रही सावधानी

इस पूरे मामले को पुलिस काफी संवेदनशील मान रही है. यही वजह है कि वरिष्ठ अधिकारी फिलहाल किसी भी तरह की आधिकारिक जानकारी साझा करने से बच रहे हैं. सूत्रों के मुताबिक, जांच पूरी होने और सभी संदिग्धों तक पहुंचने के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर सामने आएगी. पुलिस का कहना है कि फिलहाल हर पहलू की जांच की जा रही है और किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं किया जा रहा. जांच एजेंसियां इस बात का भी पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि कैमरा किस उद्देश्य से लगाया गया था और इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं था.