पंजाब में मानसून एक बार फिर जोर पकड़ने की तैयारी में है. पिछले दो दिनों से बारिश की गतिविधियों में कमी के बाद अब मौसम का मिजाज बदलने के संकेत मिल रहे हैं. मौसम विभाग के जिलेवार पूर्वानुमान के अनुसार 14 अगस्त से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर तेज हो सकता है. इसका सबसे ज्यादा असर उत्तरी और पूर्वी पंजाब में देखने को मिल सकता है.
मौमस विभाग की ओर से आज यानी 13 अगस्त को प्रदेश में किसी तरह का अलर्ट जारी नहीं किया गया है. आज कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है, लेकिन ज्यादातर जगहों पर तापमान बढ़ने और उमस बने रहने की संभावना है.
14 अगस्त को पठानकोट, होशियारपुर और रूपनगर में भारी बारिश की संभावना जताई गई है. इनके आसपास के इलाकों में भी कई जगह बारिश हो सकती है. इसके अलावा अमृतसर, गुरदासपुर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर और नवांशहर में भी बारिश के आसार बने हुए हैं.
15 अगस्त को भी मौसम का यही रुख रहने की संभावना है. पठानकोट, होशियारपुर और रूपनगर में भारी बारिश हो सकती है, जबकि गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर और नवांशहर समेत आसपास के जिलों में बारिश का दौर जारी रह सकता है. दक्षिणी पंजाब के कुछ इलाकों में भी बारिश होने का अनुमान है.
16 अगस्त को प्रदेश के कई हिस्सों में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है. हालांकि भारी बारिश का मुख्य असर उत्तरी और पूर्वी हिस्सों में रहने की संभावना है.
पंजाब के बुधवार को तापमान में अचानक बढ़ोतरी देखने को मिली. प्रदेश के अधिकतम तापमान में औसतन 4.6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई. भाखड़ा डैम क्षेत्र 37.4 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा. पटियाला में 36.6, चंडीगढ़ में 36.4, पठानकोट में 35.8, नवांशहर में 35.5 और लुधियाना व मोहाली में 35 डिग्री तापमान दर्ज किया गया. अमृतसर और जालंधर में 34.2 डिग्री, गुरदासपुर में 34.5, होशियारपुर में 34.8, फरीदकोट में 34, फिरोजपुर में 34.3 और फाजिल्का में 34.6 डिग्री तापमान रहा. मौसम विभाग के अनुसार औसत अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास रहा. पिछले 24 घंटे में चंडीगढ़ के तापमान में करीब सात डिग्री की बढ़ोतरी हुई. इस दौरान थेन बांध में 0.5 मिलीमीटर और रोपड़ में एक मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई.