पहलगाम में हेरोइन तस्करी का भंडाफोड, तीन लोग गिरफ्तार; पंजाब के जुड़े हैं तार
नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने पहलगाम से हेरोइन तस्करी के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. इनके पास से 5.160 किलो हेरोइन बरामद हुई है. पूछताछ में आरोपितों के तार पंजाब के तरनतारन स्थित सीमा से सटे गांव नौशहरा ढाला से जुड़ते मिले हैं.
नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने जम्मू-कश्मीर में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपितों की पहचान बारामूला निवासी गुलाम मोहम्मद धर, गुलाम मोहम्मद भट्ट और मोहम्मद अशरफ के रूप में हुई है. एनसीबी ने इनके कब्जे से 5.160 किलो हेरोइन बरामद करने का दावा किया है. मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है.
एनसीबी को तस्करी से जुड़ी जानकारी मिलने के बाद जम्मू के पंजतीर्थ इलाके में कार्रवाई की गई. टीम ने एक कार में सवार बारामूला के दो लोगों को पकड़ा. तलाशी के दौरान उनके पास से हेरोइन बरामद हुई. इसके बाद दोनों से पूछताछ की गई और तस्करी के पूरे नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई गई.
लेह से पकड़ा गया गिरोह का मास्टरमाइंड
पूछताछ के दौरान जांच एजेंसी को गिरोह के कथित मास्टरमाइंड मोहम्मद अशरफ के बारे में जानकारी मिली. इसके आधार पर एनसीबी ने उसे लेह से गिरफ्तार किया. एजेंसी अब तीनों आरोपितों से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि नशीले पदार्थों की खेप कहां से लाई गई थी और इसे आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था.
Also Read
- 'देश की रक्षा करूं या परिवार की?', LoC पर जवान की दर्दभरी गुहार; पुलिस जांच में खुली पूरी कहानी
- 'मोजतबा खामेनेई की मौत नहीं हुई...', डोनाल्ड ट्रंप का यू-टर्न? ईरानी सुप्रीम लीडर को लेकर किया नया दावा
- हिमालय से है प्यार लेकिन जानते हैं कैसे हुई इसकी उत्पत्ति? उत्तराखंड की झील में समाया है सबूत; नहीं कर पाएंगे यकीन!
जांच में इस नेटवर्क के तार पंजाब के तरनतारन जिले तक पहुंचते मिले हैं. एनसीबी को शक है कि गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपित तरनतारन के गांव नौशहरा ढाला में भी आ चुके हैं. यह गांव भारत-पाकिस्तान सीमा से सटा हुआ है और पहले भी हथियारों तथा हेरोइन की तस्करी के मामलों में इसका नाम सामने आता रहा है.
पंजाब में हो सकती है आगे की कार्रवाई
जांच एजेंसी अब तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है. सूत्रों के अनुसार, आने वाले दिनों में एनसीबी जम्मू और एनसीबी पंजाब की टीमें तरनतारन में संयुक्त रूप से दबिश दे सकती हैं. जांच का फोकस यह पता लगाने पर है कि सीमा क्षेत्र से नशीले पदार्थों की तस्करी में और कौन लोग शामिल हैं और गिरफ्तार आरोपितों का नेटवर्क कितने इलाकों तक फैला हुआ है.