FIFA World Cup 2026

अबोहर में बीजेपी का ओबीसी महासम्मेलन, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी होंगे शामिल

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 13 जून को अबोहर में आयोजित सर्वसमाज ओबीसी महासम्मेलन को संबोधित करेंगे. भाजपा इस रैली के जरिए कार्यकर्ताओं में उत्साह भरने और पंजाब में अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करने की तैयारी में जुटी है.

X
Ashutosh Rai

पंजाब के अबोहर में 13 जून को होने वाला सर्वसमाज ओबीसी महासम्मेलन राजनीतिक दृष्टि से अहम माना जा रहा है. इस कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे. भाजपा नेताओं का मानना है कि यह रैली संगठन को नई ऊर्जा देने के साथ-साथ पंजाब में पार्टी के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी.

रैली को लेकर भाजपा ने तेज की तैयारियां

अबोहर की नई अनाज मंडी में आयोजित होने वाली इस रैली को लेकर भाजपा ने तैयारियां तेज कर दी हैं. कार्यक्रम से पहले विधायक संदीप जाखड़ के निवास पर प्रेस वार्ता आयोजित की गई, जिसमें हरियाणा के कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा भी मौजूद रहे. नेताओं ने बताया कि रैली में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर संपर्क अभियान चला रहे हैं. पार्टी का लक्ष्य विभिन्न सामाजिक वर्गों को एक मंच पर लाकर संगठन की ताकत को प्रदर्शित करना है. भाजपा इसे पंजाब में अपनी राजनीतिक रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा मान रही है.

कई बड़े नेता होंगे शामिल

रैली में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के अलावा पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों, वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ सहित कई प्रमुख नेता शामिल होंगे. पार्टी के कई मंत्री, विधायक और वरिष्ठ पदाधिकारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे. भाजपा नेताओं का कहना है कि उनका उद्देश्य पंजाब को विकास और रोजगार की दिशा में आगे बढ़ाना है. रणबीर गंगवा ने कहा कि भाजपा पंजाब को नशामुक्त और प्रगतिशील राज्य बनाने के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में रैली में पहुंचने की अपील भी की.