लुधियाना में सफाई कर्मचारियों के बीच पहुंचे मंत्री हरजोत सिंह बैंस, सफाई व्यवस्था का किया निरीक्षण और बुलाई बड़ी बैठक
पंजाब के मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने लुधियाना का दौरा कर सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया और सफाई कर्मचारियों से मुलाकात की. चलिए जानते हैं दौरे के दौरान उन्होंने क्या कहा.
लुधियाना: पंजाब सरकार शहरों की सफाई व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए लगातार जमीनी स्तर पर काम कर रही है. इसी क्रम में पंजाब के मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने लुधियाना का दौरा कर शहर की सफाई व्यवस्था का विस्तृत निरीक्षण किया. उन्होंने सुबह से शहर के विभिन्न हिस्सों का दौरा किया और सफाई व्यवस्था से जुड़े कर्मचारियों से मुलाकात कर उनकी राय और अनुभव जाने.
मंत्री ने कहा कि शहर को बेहतर बनाने के लिए जमीनी स्तर पर काम करने वाले लोगों की बात सुनना बेहद जरूरी है. अपने दौरे की जानकारी सोशल मीडिया पर साझा करते हुए हरजोत सिंह बैंस ने बताया कि उन्होंने पूरे शहर का निरीक्षण किया और सफाई सेवकों से बातचीत कर वास्तविक स्थिति को समझने का प्रयास किया.
Also Read
किन मुद्दों पर की चर्चा?
लुधियाना के डीएमसी अस्पताल के बाहर मंत्री ने सफाई कर्मचारियों के साथ सुबह की चाय भी पी. इस दौरान कर्मचारियों ने अपने अनुभव साझा किए और कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की. मंत्री ने कहा कि ऐसी मुलाकातें केवल औपचारिकता नहीं हैं, बल्कि प्रशासन और कर्मचारियों के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने का माध्यम हैं.
शहर में चिन्हित कमियों को दूर करने के लिए हरजोत सिंह बैंस ने मेयर और संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक बुलाने की घोषणा की है. इस बैठक में सफाई व्यवस्था को और प्रभावी बनाने, कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान और नागरिक सुविधाओं को मजबूत करने पर चर्चा होगी. सरकार का उद्देश्य शहर को स्वच्छ, व्यवस्थित और रहने योग्य बनाना है.