फाजिल्का में CIA का बड़ा एक्शन, 5 अवैध पिस्तौल और 6 मैगजीन के साथ दिल्ली का युवक गिरफ्तार
फाजिल्का पुलिस ने विशेष अभियान के दौरान दिल्ली के एक युवक को गिरफ्तार कर उसके पास से पांच अवैध पिस्तौल और छह मैगजीन बरामद की हैं. पुलिस अब हथियार तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है.
चंडीगढ़: पंजाब के फाजिल्का जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. सीआईए फाजिल्का की टीम ने दिल्ली के एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से विदेशी और देसी ब्रांड की पांच अवैध पिस्तौल तथा छह मैगजीन बरामद की हैं. पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच के बाद अब पूरे हथियार तस्करी नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने पर फोकस किया जा रहा है. मामले में आगे की जांच जारी है.
एसएसपी गगन अजीत सिंह ने बताया कि 28 जुलाई को सीआईए फाजिल्का के प्रभारी इंस्पेक्टर सुनील कुमार के नेतृत्व में एएसआई राधेश्याम अपनी टीम के साथ गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रहे थे. इसी दौरान सूचना मिली कि एक युवक अवैध हथियार लेकर अबोहर की दाना मंडी से अजीत नगर लिंक रोड पर उन्हें बेचने पहुंचा है. सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर दबिश दी.
तलाशी में मिले पांच अवैध हथियार
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी तलाशी ली. जांच में उसके पास से पांच अवैध पिस्तौल और छह मैगजीन बरामद हुईं. बरामद हथियारों में ग्लॉक 26 जनरेशन-4, दो देसी .30 बोर पिस्तौल, एक टोकारेव पिस्तौल और एक स्टार .30 बोर पिस्तौल शामिल हैं. बरामदगी के बाद सभी हथियारों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई.
Also Read
दिल्ली निवासी आरोपी पर पहले भी दर्ज है केस
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 23 वर्षीय पियूष बरेला निवासी मंगोलपुरी, पालम कॉलोनी, दिल्ली के रूप में हुई है. उसके खिलाफ थाना सिटी-1 अबोहर में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस के अनुसार शुरुआती पूछताछ में यह भी सामने आया कि वर्ष 2024 में दिल्ली की स्पेशल सेल भी उसके खिलाफ अवैध हथियार बरामदगी के मामले में आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर चुकी है.
सप्लाई नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है. जांच का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि बरामद हथियार कहां से लाए गए, इनके पीछे कौन लोग शामिल हैं और इन्हें किन लोगों तक पहुंचाया जाना था. इसके साथ ही हथियारों की खरीद और बिक्री से जुड़े पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है.
अभियान रहेगा लगातार जारी
फाजिल्का पुलिस ने स्पष्ट किया कि जिले में अपराधियों और अवैध हथियार तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा. अधिकारियों का कहना है कि किसी भी अवैध गतिविधि में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. पुलिस का मानना है कि इस गिरफ्तारी से हथियार तस्करी के नेटवर्क से जुड़े कई अहम सुराग मिलने की संभावना है.