मोहाली: पंजाब के 32 किसान संगठनों ने संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले आज से मोहाली-चंडीगढ़ सीमा पर सात दिनों का पक्का मोर्चा शुरू कर दिया है. अपनी मांगों को लेकर किसानों ने यहां धरना स्थल पर डेरा डाल दिया है. पंजाब के विभिन्न इलाकों से किसान ट्रैक्टर और ट्रालियों के साथ पहुंच रहे हैं.
इस वजह से मोहाली प्रशासन ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है. फेज-11, जगतपुरा, बाबा व्हाइट हाउस चौक और शहर के अंदरूनी इलाकों से होकर किसान मोर्चे वाली जगह पहुंच रहे हैं. आयशर चौक से बेस्टेक मॉल तक की सड़क पर ट्रैक्टर-ट्रालियों की वजह से सभी तरह के वाहनों के लिए रास्ता बंद कर दिया गया है.
पिछली बार किसानों ने प्रशासन से बैठक किए बिना मोर्चा लगा दिया था, जिससे कई सड़कों पर जाम की स्थिति बन गई थी. इस बार किसान यूनियन के नेताओं ने मोहाली और चंडीगढ़ पुलिस अधिकारियों से पहले बैठक की है. बैठक के बाद ही मोर्चा लगाने की अनुमति मिली है. इसलिए अधिकारियों का कहना है कि इस बार स्थिति नियंत्रण में रहेगी और आम लोगों को ज्यादा परेशानी नहीं होनी चाहिए.
चंडीगढ़ जाने वाले वाहन चालकों को प्रशासन ने सलाह दी है कि वे फेज-10 और फेज-11 की तरफ न जाएं. इसके बजाय तीन वैकल्पिक रूट इस्तेमाल करें.
पहला रूट आयशर चौक से लैंडरां रोड होते हुए सेक्टर-82/83 रोड से जगतपुरा होकर चंडीगढ़ पहुंचा जा सकता है. दूसरा रूट आईआईएसईआर चौक से एयरपोर्ट रोड, आईटी सिटी या एरोट्रोपोलिस क्षेत्र से जगतपुरा होते हुए चंडीगढ़ का है. तीसरा रूट आईआईएसईआर चौक से फेज-9 रोड, सेक्टर-66/68 रोड से जगतपुरा होकर चंडीगढ़ पहुंचने का है.
मोहाली प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे इन वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें ताकि ट्रैफिक सुचारू बना रहे. मोर्चा सात दिनों तक चलेगा, इसलिए इस दौरान मोहाली-चंडीगढ़ सीमा क्षेत्र में आने-जाने वाले लोगों को समय निकालकर नया रूट चुनना चाहिए.