IPL 2026

फतेहगढ़ साहिब को पवित्र शहर घोषित करने की मांग तेज, राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन

शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता बलजीत सिंह भुट्टा ने पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से मुलाकात कर औपचारिक ज्ञापन सौंपा है. जिसमें उन्होंने धार्मिक नगरी फतेहगढ़ साहिब को पवित्र शहर घोषित करने की मांग की है.

IG
Shanu Sharma

पंजाब के ऐतिहासिक और धार्मिक नगरी फतेहगढ़ साहिब को पवित्र शहर घोषित करने की मांग बढ़ती जा रही है. इस संबंध में सिख समुदाय के प्रतिनिधियों ने पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से मुलाकात कर औपचारिक ज्ञापन सौंपा है.

शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता बलजीत सिंह भुट्टा ने भी राज्यपाल से मुलाकात की. उनके साथ शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी भी मौजूद रहे. भुट्टा ने फतेहगढ़ साहिब को विशेष दर्जा देने की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा है.

क्यों मांगा जा रहा है पवित्र शहर का दर्जा?

बलजीत सिंह भुट्टा ने कहा कि फतेहगढ़ साहिब केवल सिख समुदाय के लिए ही नहीं, बल्कि समूची मानवता के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र है. यहां दसवीं गुरु श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के छोटे साहिबजादों बाबा जोरावर सिंह और बाबा फतेह सिंह ने धर्म, सत्य और मानवता की रक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया था. उन्होंने कहा कि इस महान शहादत की पावन भूमि की गरिमा और पवित्रता को बनाए रखना आज समय की सबसे बड़ी जरूरत है. भुट्टा ने जोर देकर कहा कि इस धरती की पवित्रता को बनाए रखने के लिए ठोस कदम उठाए जाने चाहिए.

राज्यपाल को सौंपे ज्ञापन में क्या कहा?

राज्यपाल को सौंपे गए ज्ञापन में मांग की गई है कि जिस प्रकार अमृतसर और आनंदपुर साहिब जैसे पवित्र नगरों को विशेष दर्जा और सुविधाएं प्रदान की गई हैं, ठीक उसी तरह फतेहगढ़ साहिब को भी पवित्र शहर घोषित किया जाए. इससे यहां आने वाली श्रद्धालु संगत की भावनाओं का सम्मान होगा और इस ऐतिहासिक स्थल की मर्यादा और मजबूत होगी. भुट्टा ने राज्यपाल से अपील की कि वे इस संवेदनशील मुद्दे पर तुरंत संज्ञान लें और पंजाब सरकार को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करें.

राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने ज्ञापन प्राप्त करते हुए आश्वासन दिया कि इस महत्वपूर्ण मांग पर संबंधित विभागों और स्तर पर गंभीरता से विचार किया जाएगा. उन्होंने कहा कि देश के धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों की गरिमा बनाए रखना राज्य की जिम्मेदारी है. फतेहगढ़ साहिब सिख इतिहास का अत्यंत महत्वपूर्ण केंद्र है. हर वर्ष लाखों श्रद्धालु यहां चांदनी चौक, गुरुद्वारा फतेहगढ़ साहिब और अन्य ऐतिहासिक स्थानों पर श्रद्धांजलि अर्पित करने पहुंचते हैं.