Asian Games 2026

श्री आनंदपुर साहिब में कांग्रेस को झटका, दर्जनों कार्यकर्ता और परिवार AAP में शामिल

श्री आनंदपुर साहिब विधानसभा क्षेत्र के नानौवाल गांव में कांग्रेस से जुड़े कई कार्यकर्ता और परिवार आम आदमी पार्टी में शामिल हुए.

X
Ashutosh Rai

पंजाब के श्री आनंदपुर साहिब विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस के कई कार्यकर्ताओं और परिवारों ने आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया. नानौवाल गांव में हुए इस दल-बदल में कांग्रेस से जुड़े सरपंच भी शामिल रहे. कैबिनेट मंत्री और विधायक हरजोत सिंह बैंस ने सभी नए सदस्यों का स्वागत किया.

नानौवाल में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने थामा AAP का दामन

नानौवाल गांव से जुड़े कांग्रेस कार्यकर्ताओं और कई परिवारों ने आम आदमी पार्टी में शामिल होने की घोषणा की. इनमें कांग्रेस से जुड़े एक सरपंच का नाम भी बताया गया है. पार्टी के अनुसार, नए सदस्यों ने पंजाब सरकार के कामकाज और मुख्यमंत्री भगवंत मान की नीतियों से प्रभावित होकर AAP में आने का फैसला किया. हाल में श्री आनंदपुर साहिब के जिंदवारी गांव में हुए लोक मिलनी कार्यक्रम का भी उन्होंने जिक्र किया, जहां लोगों ने सरकार के सामने अपनी समस्याएं और मांगें रखी थीं.

इलाके में विकास कार्यों का किया जिक्र

नए सदस्यों ने विधानसभा क्षेत्र में चल रहे कई विकास कार्यों का भी उल्लेख किया. उनके मुताबिक, अलग-अलग गांवों में सड़क और पुल से जुड़े काम चल रहे हैं. चेंगर इलाके में सिंचाई के पानी की व्यवस्था पर भी काम किया जा रहा है. इसके अलावा कई जगह नए पुल और पुलियों का निर्माण जारी है। नंगल-किरतपुर साहिब सड़क को चार लेन करने का काम भी आगे बढ़ने की बात कही गई. पार्टी की ओर से इन परियोजनाओं को क्षेत्र में संपर्क और आवाजाही बेहतर करने से जोड़ा गया है.


बैंस बोले- विकास और जनसेवा पर रहेगा जोर

हरजोत सिंह बैंस ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि सरकार की कोशिश है कि योजनाओं और सुविधाओं का लाभ बिना भेदभाव लोगों तक पहुंचे. उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता लगातार गांवों में जाकर लोगों की समस्याएं सुन रहे हैं. बैंस ने राजनीति में आपसी सम्मान, भाईचारे और विकास पर जोर देने की बात कही. नए सदस्यों ने भी कहा कि वे AAP की नीतियों और सरकार के कामों को घर-घर तक पहुंचाने के लिए काम करेंगे. बैंस ने उन्हें पार्टी में सम्मान के साथ काम करने का भरोसा दिया.