स्कूल के स्विमिंग प्रतियोगिता में भाग लेने गया था बेटा, कुछ घंटों बाद मिली मौत की खबर; परिजनों ने लगाया ये आरोप
अमृतसर के एक स्कूल के स्विमिंग पूल में 12वीं कक्षा के 18 वर्षीय छात्र आर्यन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. चलिए जानते है परिवार ने स्कूल प्रबंधन पर क्या आरोप लगाया है.
अमृतसर: पंजाब के अमृतसर में एक स्कूल के स्विमिंग पूल में 12वीं कक्षा के छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. इस घटना के बाद परिवार ने स्कूल प्रबंधन पर गंभीर सवाल उठाए हैं और पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है.
जानकारी के अनुसार यह घटना जीटी रोड स्थित शुभम एन्क्लेव में संचालित श्री गुरु हरकिशन पब्लिक स्कूल ऑफ एक्सीलेंस में शुक्रवार शाम को हुई. मृतक छात्र की पहचान 18 वर्षीय आर्यन के रूप में हुई है. वह स्कूल में आयोजित एक तैराकी प्रतियोगिता में हिस्सा लेने गया था.
आर्यन की मां ने क्या बताया?
आर्यन की मां सुनीता के अनुसार उनका बेटा प्रतियोगिता के लिए स्कूल गया था, लेकिन बाद में उन्हें उसके अस्पताल में भर्ती होने की सूचना मिली. परिवार का आरोप है कि घटना के बाद आर्यन को रात करीब 8 बजे नोवा मेडिसिटी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
मृतक छात्र की मां ने आरोप लगाया कि स्कूल प्रबंधन ने घटना की पूरी जानकारी परिवार को नहीं दी. उनका कहना है कि अस्पताल पहुंचने के बाद स्कूल के जिम्मेदार लोग वहां से चले गए और बाद में उनसे संपर्क करना मुश्किल हो गया. परिवार का आरोप है कि उन्हें अब तक यह स्पष्ट नहीं बताया गया कि स्विमिंग पूल के अंदर आखिर क्या हुआ था, जिससे उनके बेटे की मौत हो गई.
परिजनों ने क्या की है मांग?
परिजनों ने निष्पक्ष जांच की मांग की है. उनका कहना है कि घटना से जुड़े सभी तथ्यों को सामने लाया जाना चाहिए ताकि मौत की वास्तविक वजह का पता चल सके.
इस मामले पर पुलिस ने भी सवाल उठाए हैं. अमृतसर पुलिस के एसीपी (पूर्व) रविंदर सिंह सिद्धू ने कहा कि यह आश्चर्यजनक है कि घटना की सूचना न तो स्कूल प्रबंधन ने और न ही परिवार ने तुरंत पुलिस को दी. उन्होंने कहा कि मामले की गहन जांच की जरूरत है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जाएगी.
स्कूल का संचालन करने वाली संस्था ने क्या कहा?
उधर, स्कूल का संचालन करने वाली संस्था चीफ खालसा दीवान की ओर से फिलहाल इस घटना पर कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की गई है. यह संस्था पंजाब में कई स्कूलों, कॉलेजों, अस्पतालों और अन्य संस्थानों का संचालन करती है.