पंजाब के कारोबारियों के लिए UAE का रास्ता खुलेगा, शारजाह के उद्योगों से जुड़ेंगी कंपनियां

पंजाब सरकार शारजाह के उद्योगों से राज्य की कंपनियों को जोड़ने की तैयारी कर रही है.

X
Ashutosh Rai

उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री अमन अरोड़ा ने शारजाह चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री और इंडियन बिजनेस एंड प्रोफेशनल काउंसिल के साथ बैठक की. इसमें पंजाब और शारजाह के कारोबारियों के बीच साझेदारी बढ़ाने पर चर्चा हुई. सरकार निवेश के साथ सीधे कारोबारी रिश्ते बनाने पर जोर दे रही है.

पंजाब और शारजाह के उद्योगों के बीच बढ़ेगी साझेदारी

मंत्री अमन अरोड़ा ने बताया कि ‘इन्वेस्ट पंजाब’ शारजाह के निर्माताओं, निर्यातकों और सेवा क्षेत्र के कारोबारियों को पंजाब की कंपनियों से जोड़ने में मदद करेगा. वहीं, संयुक्त अरब अमीरात में कारोबार तलाश रही पंजाब की कंपनियों को भी सही बाजार और कारोबारी साझेदार खोजने में सहायता मिलेगी. सरकार का लक्ष्य केवल निवेश हासिल करना नहीं, बल्कि दोनों जगहों की कंपनियों के बीच लंबे समय के कारोबारी रिश्ते बनाना है.

यूएई बनेगा पंजाब के लिए वैश्विक बाजार का रास्ता

बैठक में भारत और यूएई के बीच व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते से मिलने वाले अवसरों पर भी बात हुई. अमन अरोड़ा ने कहा कि यूएई पंजाब के निर्माताओं और निर्यातकों के लिए मध्य पूर्व के साथ दूसरे अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंच का रास्ता बन सकता है. उन्होंने शारजाह के कारोबारियों को पंजाब आने और यहां निवेश की संभावनाएं देखने का न्योता दिया. मंत्री के मुताबिक राज्य में कारोबार आसान बनाने के लिए कई सुधार किए गए हैं.


शारजाह में 3000 से ज्यादा विनिर्माण इकाइयां

बैठक में बताया गया कि शारजाह में 3000 से अधिक मैन्युफैक्चरिंग यूनिट, सात फ्री जोन और 18 औद्योगिक जोन हैं. इससे पंजाब के उद्योगों के लिए वहां कारोबार बढ़ाने की अच्छी संभावना बनती है. ‘इन्वेस्ट पंजाब’ के सीईओ अमित ढाका ने औद्योगिक नीतियों की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि ‘फास्ट-ट्रैक पंजाब’ पोर्टल के जरिए निवेशकों को मंजूरियों और निवेश सुविधा के लिए एक ही जगह मदद मिल रही है.