पंजाब में मानसून की रफ्तार हुई धीमी, बारिश का इंतजार कर रहे लोगों को झटका; मौसम विभाग ने नहीं दिया अलर्ट

पंजाब में अगस्त के आखिरी दिनों में मानसून का असर कमजोर नजर आ रहा है. शनिवार को मौसम विभाग की ओर से राज्य के किसी भी हिस्से के लिए अलर्ट जारी नहीं किया गया है.

Pinterest
Reepu Kumari

चंढ़ीगढ़: पंजाब में अगस्त के आखिरी दिनों में मानसून का असर कमजोर नजर आ रहा है. शनिवार को मौसम विभाग की ओर से राज्य के किसी भी हिस्से के लिए अलर्ट जारी नहीं किया गया है. हिमाचल प्रदेश से लगते कुछ जिलों में जरूर बारिश की संभावना है, लेकिन मैदानी और दक्षिणी पंजाब में मौसम अधिकतर शुष्क रहने का अनुमान है. ऐसे में उमस और बढ़ते तापमान से लोगों की परेशानी फिर बढ़ सकती है.

31 अगस्त तक मौसम में बहुत बड़ा बदलाव

शुक्रवार को राज्य के अधिकतम तापमान में औसतन 0.9 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई, जिससे थोड़ी राहत मिली. हालांकि तापमान अब भी सामान्य से करीब दो डिग्री अधिक रहा. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 31 अगस्त तक मौसम में बहुत बड़ा बदलाव नहीं होगा. इसके बाद सितंबर की शुरुआत में कुछ इलाकों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं, लेकिन फिलहाल इसके लिए कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है.

हिमाचल से सटे इलाकों में ही बारिश की उम्मीद

29 अगस्त को पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, नवांशहर और रूपनगर में कुछ स्थानों पर छिटपुट बारिश हो सकती है. राज्य के बाकी अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है. 30 अगस्त को भी इन पांच जिलों में अलग अलग जगह बारिश के आसार हैं. वहीं मैदानी और दक्षिणी पंजाब में मौसम मुख्य रूप से साफ और सूखा रह सकता है.


सोमवार को भी बारिश का दायरा रहेगा सीमित

31 अगस्त को गुरदासपुर, नवांशहर और रूपनगर में छिटपुट बारिश की संभावना बनी हुई है. इसके अलावा पंजाब के ज्यादातर जिलों में बारिश के आसार कम हैं. मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान तापमान सामान्य से अधिक रह सकता है. यानी मानसून की कमजोर गतिविधि के बीच लोगों को फिलहाल तेज बारिश के बजाय गर्मी और उमस का सामना करना पड़ सकता है.

सितंबर की शुरुआत में बदल सकता है मौसम

1 सितंबर को पंजाब के मौसम में कुछ बदलाव देखने को मिल सकता है. पठानकोट और होशियारपुर में कई स्थानों पर बारिश की संभावना है. अमृतसर, गुरदासपुर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, नवांशहर, रूपनगर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब, मोहाली, संगरूर और पटियाला में भी अलग अलग स्थानों पर बारिश हो सकती है.

इन जिलों में मौसम रह सकता है सूखा

सितंबर के पहले दिन पंजाब के कुछ जिलों में बारिश की संभावना नहीं के बराबर है. फाजिल्का, मुक्तसर, फरीदकोट, मोगा, बठिंडा, मानसा और बरनाला में मौसम शुष्क रह सकता है. इससे साफ है कि बारिश का असर पूरे राज्य में एक जैसा नहीं रहेगा. हिमाचल से लगते इलाकों और कुछ मध्य जिलों में ही मौसम बदलने के संकेत हैं.

बठिंडा सबसे गर्म, तापमान फिर बढ़ने के संकेत

शुक्रवार को पंजाब में अधिकतम तापमान में औसतन 0.9 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज हुई, लेकिन इसके बावजूद तापमान सामान्य से करीब दो डिग्री अधिक रहा. बठिंडा में 36.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे अधिक रहा. भाखड़ा बांध क्षेत्र में भी 36.4 डिग्री, चंडीगढ़ में 36.3 और फिरोजपुर में 36.2 डिग्री तापमान रहा.

मौसम केंद्रों पर बारिश नहीं हुई

पटियाला और लुधियाना में अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री, जबकि अमृतसर और फरीदकोट में 35.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. शुक्रवार को दर्ज किए गए मौसम केंद्रों पर बारिश नहीं हुई. मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी फिलहाल किसी तरह की चेतावनी नहीं है. ऐसे में पंजाब में बारिश का इंतजार कर रहे लोगों को सितंबर की शुरुआत तक उम्मीद लगाए रखनी पड़ सकती है.