West Bengal Assembly Election 2026

पंजाब के बरनाला जिला अदालत में बम की धमकी से हड़कंप! जजों-स्टाफ को बाहर निकाला, परिसर बना पुलिस छावनी

पंजाब के बरनाला जिले में सोमवार दोपहर को जिला अदालत परिसर में बम से उड़ाने की धमकी मिलने से अफरा-तफरी मच गई. दोपहर करीब ढाई बजे ईमेल के जरिए आई इस धमकी ने पूरे परिसर को हिला दिया. सुरक्षा को देखते हुए तुरंत सभी 12 जजों को उनकी अदालतों से बाहर निकाला गया और पूरा स्टाफ भी परिसर से बाहर आ गया.

x
Antima Pal

पंजाब: पंजाब के बरनाला जिले में सोमवार दोपहर को जिला अदालत परिसर में बम से उड़ाने की धमकी मिलने से अफरा-तफरी मच गई. दोपहर करीब ढाई बजे ईमेल के जरिए आई इस धमकी ने पूरे परिसर को हिला दिया. सुरक्षा को देखते हुए तुरंत सभी 12 जजों को उनकी अदालतों से बाहर निकाला गया और पूरा स्टाफ भी परिसर से बाहर आ गया. धमकी मिलते ही जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने तुरंत एक्शन लिया. पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंचीं. 

पंजाब के बरनाला जिला अदालत में बम की धमकी से हड़कंप!

डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते के साथ मिलकर अदालत के हर कमरे, हॉल और आसपास की जगहों की गहन तलाशी शुरू कर दी गई. पूरे परिसर को पुलिस छावनी में बदल दिया गया. किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती गई. जजों ने तुरंत आदेश जारी कर दिया कि सोमवार दोपहर के बाद किसी भी मामले की सुनवाई या कार्यवाही नहीं होगी. अदालत का सारा काम-काज अचानक बंद कर दिया गया. इससे कई लोगों की परेशानी बढ़ गई, लेकिन सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई.

बरनाला में लंबे समय से प्रैक्टिस कर रहे वरिष्ठ वकीलों एडवोकेट धीरज कुमार और एडवोकेट कुलविजय सिंह ने इस घटना पर गहरी चिंता जताई. उन्होंने कहा कि ऐसी धमकियां पंजाब के माहौल को खराब कर रही हैं. लोगों के मन में डर पैदा हो रहा है. अदालत जैसे पवित्र स्थान पर इस तरह की घटनाएं बेहद निंदनीय हैं.

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि धमकी की पूरी गहन जांच की जा रही है. ईमेल की ट्रेसिंग की जा रही है और देखा जा रहा है कि ये धमकी कितनी गंभीर है. अभी तक कोई संदिग्ध वस्तु या बम नहीं मिला है, लेकिन सुरक्षा जांच पूरी होने तक परिसर पूरी तरह सील रखा गया है. जांच पूरी होने के बाद ही अदालत का काम दोबारा शुरू किया जाएगा.

पंजाब में हाल के दिनों में कई जगहों पर बम धमकियों की घटनाएं सामने आई हैं. इससे सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं. बरनाला पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें. यह घटना न्याय व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है. अदालतें जहां आम लोगों को न्याय मिलता है, वहां सुरक्षा की ऐसी चुनौतियां चिंता का विषय हैं. पुलिस और प्रशासन अब इस धमकी के पीछे के मकसद का पता लगाने में जुटे हुए हैं.