CM भगवंत मान का बड़ा एक्शन! नशा तस्करों पर कड़ी कार्रवाई के अफसरों को दिए आदेश

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने नशे के खिलाफ चल रही मुहिम की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए. उन्होंने युवाओं को नशे से बचाने को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बताया.

social media
Kuldeep Sharma

पंजाब में नशे के खिलाफ अभियान को और प्रभावी बनाने के ोलिए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की. वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई इस बैठक में अभियान की प्रगति पर चर्चा की गई और आगे की रणनीति तय की गई.

अधिकारियों के साथ हुई अहम समीक्षा बैठक

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बठिंडा स्थित लेक व्यू गेस्ट हाउस से राज्य के सभी उपायुक्तों और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों के साथ वर्चुअल बैठक की. इस दौरान उन्होंने विभिन्न जिलों में नशा विरोधी अभियान की स्थिति का जायजा लिया. अधिकारियों से जमीनी स्तर पर चल रही कार्रवाई की जानकारी ली गई और अभियान को और तेज करने पर जोर दिया गया. मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी.


नशा तस्करों के खिलाफ सख्त संदेश

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाए. उन्होंने कहा कि सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत दोषियों पर लगातार सख्त कदम उठाए जा रहे हैं. साथ ही कानून लागू करने वाली एजेंसियों को पूरी गंभीरता और प्रतिबद्धता के साथ अभियान को आगे बढ़ाने के लिए कहा गया. सरकार का लक्ष्य नशे के नेटवर्क को जड़ से समाप्त करना है.

युवाओं को बचाना सरकार की प्राथमिकता

भगवंत मान ने कहा कि पंजाब की युवा पीढ़ी राज्य की सबसे बड़ी ताकत है और उसे नशे की गिरफ्त से बाहर रखना बेहद जरूरी है. उन्होंने समाज के सभी वर्गों से इस अभियान में सहयोग की अपील की. मुख्यमंत्री ने कहा कि जब सरकार, प्रशासन और आम लोग मिलकर प्रयास करेंगे, तभी पंजाब को नशामुक्त बनाने का लक्ष्य हासिल किया जा सकेगा. उन्होंने राज्य को विकास और प्रगति की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प भी दोहराया.