संगरूर के सतौज गांव से पंजाब के मुख्यमंत्री पद तक पहुंचे भगवंत मान की कहानी अब डॉक्यूमेंट्री के जरिए लोगों के सामने आएगी. फिल्म में उनके निजी जीवन, शुरुआती संघर्ष, मनोरंजन करियर, राजनीतिक सफर, परिवार और सरकार की प्रमुख योजनाओं को शामिल किया गया है. यह डॉक्यूमेंट्री सात भाषाओं में रिलीज होगी.
‘फ्रॉम सतौज टू पार्लियामेंट’ में भगवंत मान के बचपन से लेकर मुख्यमंत्री बनने तक की कहानी दिखाई जाएगी. संगरूर जिले के सतौज गांव में बीता उनका शुरुआती जीवन, पढ़ाई और एक शिक्षक के बेटे के रूप में परिवार के साथ जुड़ी यादों को फिल्म में जगह दी गई है. इसके बाद मनोरंजन की दुनिया में उनकी पहचान बनी और व्यंग्य के जरिए उन्होंने लोगों के बीच अपनी अलग जगह बनाई.
डॉक्यूमेंट्री में उनके राजनीति में प्रवेश से जुड़े अहम पड़ाव भी दिखेंगे. पीपल्स पार्टी ऑफ पंजाब से शुरुआत के बाद आम आदमी पार्टी से जुड़ने, 2014 और 2019 में लोकसभा चुनाव जीतने और फिर 2022 में पंजाब के मुख्यमंत्री बनने तक का सफर इसमें शामिल है.
फिल्म में भगवंत मान के राजनीतिक सफर के साथ उनके निजी जीवन की झलक भी दिखाई जाएगी. उनकी बहन मनप्रीत कौर, मां हरपाल कौर और मनोरंजन जगत से जुड़े उनके दोस्तों की बातचीत और पुरानी यादों को डॉक्यूमेंट्री का हिस्सा बनाया गया है. इन लोगों के जरिए मान के व्यक्तित्व के उन पहलुओं को सामने लाने की कोशिश की गई है, जिन्हें आमतौर पर राजनीतिक मंच पर देखने का मौका नहीं मिलता. मुख्यमंत्री ने गुरुवार देर शाम सोशल मीडिया पर डॉक्यूमेंट्री का ट्रेलर साझा किया था. इसके बाद उन्हें लोगों से कई संदेश भी मिले.
डॉक्यूमेंट्री केवल भगवंत मान के व्यक्तिगत सफर तक सीमित नहीं रहेगी. इसमें उनकी सरकार की कुछ प्रमुख योजनाओं और पहलों को भी दिखाया गया है. नहरों का पानी सिंचाई व्यवस्था के अंतिम छोर तक पहुंचाने की कोशिश, स्वास्थ्य बीमा योजना और ‘माएं धीयां सत्कार योजना’ जैसी पहलों का उल्लेख फिल्म में किया गया है. इस तरह फिल्म में एक तरफ मान के जीवन और राजनीति में उनके उभार की कहानी दिखाई जाएगी, तो दूसरी ओर मुख्यमंत्री के तौर पर उनके कार्यकाल की तस्वीर भी पेश की जाएगी.
‘फ्रॉम सतौज टू पार्लियामेंट’ 30 अगस्त को सात भाषाओं में रिलीज होने वाली है. पंजाब में 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं, इसलिए डॉक्यूमेंट्री की रिलीज का समय राजनीतिक नजरिए से भी चर्चा में है. फिल्म में गांव से निकलकर मनोरंजन की दुनिया और फिर राजनीति के रास्ते मुख्यमंत्री पद तक पहुंचने वाले मान की यात्रा को एक साथ जोड़ने का प्रयास किया गया है. अब देखना होगा कि यह डॉक्यूमेंट्री आम दर्शकों के बीच उनके जीवन और राजनीतिक सफर की कैसी तस्वीर पेश करती है.