भगवान विश्वकर्मा के पंचमुखी स्वरूप का विशेष पोर्ट्रेट जारी, विधानसभा स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने किया विमोचन
चंडीगढ़ में भगवान श्री विश्वकर्मा जी की महिमा और उनके योगदान को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया.
चंडीगढ़: चंडीगढ़ में भगवान श्री विश्वकर्मा जी की महिमा और उनके योगदान को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया. श्री भगवान विश्वकर्मा मंदिर कमेटी, पटियाला की ओर से तैयार कराया गया भगवान विश्वकर्मा का विशेष पंचमुखी पोर्ट्रेट पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां द्वारा जारी किया गया. इस अवसर को धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इसका उद्देश्य नई पीढ़ी को अपनी विरासत और परंपराओं से जोड़ना है.
कार्यक्रम का आयोजन चंडीगढ़ में किया गया, जहां कमेटी के पदाधिकारियों और रामगढ़िया समाज के कई प्रमुख सदस्य उपस्थित रहे. कमेटी ने बताया कि यह विशेष पोर्ट्रेट भगवान विश्वकर्मा के जीवन, शिक्षाओं और समाज के प्रति उनके योगदान को लोगों तक पहुंचाने के प्रयासों का हिस्सा है.
पंचमुखी स्वरूप को दर्शाता है विशेष पोर्ट्रेट
कमेटी के प्रधान अमरजीत सिंह रामगढ़िया ने जानकारी दी कि इस पोर्ट्रेट को प्रसिद्ध दिवंगत कलाकार गोबिंदर सोहल ने तैयार किया था. इसमें भगवान श्री विश्वकर्मा जी के पंचमुखी स्वरूप को बेहद आकर्षक ढंग से दर्शाया गया है. साथ ही पोर्ट्रेट के निचले हिस्से में उनके जीवन और ऐतिहासिक योगदान का संक्षिप्त विवरण भी शामिल किया गया है, जिससे लोगों को उनके बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सके.
Also Read
विरासत को संजोने का प्रयास
कमेटी का कहना है कि वह लंबे समय से भगवान विश्वकर्मा के आदर्शों और शिक्षाओं को समाज तक पहुंचाने के लिए कार्य कर रही है. यह पोर्ट्रेट भी उसी अभियान की एक महत्वपूर्ण कड़ी है. उनका मानना है कि इस प्रकार के प्रयासों से लोगों में अपने धार्मिक और सांस्कृतिक इतिहास के प्रति जागरूकता बढ़ेगी.
स्पीकर संधवां ने की सराहना
पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि भगवान विश्वकर्मा सृजन, कौशल और श्रम के प्रतीक हैं. उन्होंने कहा कि समाज को अपने महान व्यक्तित्वों की विचारधारा और विरासत से जोड़ने के लिए ऐसे प्रयास बेहद आवश्यक हैं. उनके अनुसार, यह पोर्ट्रेट विशेष रूप से युवा पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा.
गणमान्य लोग रहे मौजूद
इस अवसर पर कमेटी के चेयरमैन रामकिशन रल्लण, वरिष्ठ उपप्रधान सुरजीत सिंह धीमान, उपप्रधान बलजिंदर सिंह जंडू, सचिव जगजीत सिंह सग्गू, प्रेस सचिव गुरदीप सिंह मेहता, खजांची अमन गहीर सहित रामगढ़िया समाज के कई प्रमुख सदस्य और गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे. कार्यक्रम ने धार्मिक जागरूकता और सांस्कृतिक संरक्षण के संदेश को मजबूती से आगे बढ़ाने का कार्य किया.