FIFA World Cup 2026

अरविंद केजरीवाल-CM मान का बड़ा ऐलान, पंजाब के 22 शहरों में सजेगी 'एक शाम शिव के नाम' महफिल; हंस राज रघुवंशी गाएंगे भजन

अरविंद केजरीवाल ने अमृतसर में सीएम भगवंत मान के साथ पंजाब के 22 शहरों में 'एक शाम शिव के नाम' कार्यक्रम का ऐलान किया.

Facebook
Ashutosh Rai

अमृतसर के रंजीत एवेन्यू स्थित पायटेक्स ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय धार्मिक समागम में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने मुख्यमंत्री भगवंत मान की मौजूदगी में बड़ा ऐलान किया. उन्होंने कहा कि पंजाब के 22 शहरों में 'एक शाम शिव के नाम' कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें भक्ति और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे.

हंस राज रघुवंशी करेंगे शिव महिमा का गुणगान

इस धार्मिक समागम का सबसे बड़ा आकर्षण प्रसिद्ध शिवभक्त भजन गायक हंस राज रघुवंशी हैं, जो अपने मशहूर भजनों के जरिए भगवान शिव की महिमा गाएंगे. उनके भजनों की मिठास सुनने के लिए पंजाब के अलावा पड़ोसी राज्यों से भी बड़ी तादाद में श्रद्धालुओं के अमृतसर पहुंचने की उम्मीद है. सरकार ने इस कार्यक्रम को लेकर बड़े पैमाने पर तैयारियां की हैं और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है. पुलिस बल तैनात है और प्रमुख चौराहों पर निगरानी रखी जा रही है.

मंदिरों के विकास पर भी बड़े ऐलान

केजरीवाल ने धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कई बड़ी घोषणाएं कीं. राम तीर्थ मंदिर के विकास के साथ-साथ लव-कुश और माता जानकी के भव्य मंदिर बनाए जाएंगे. पटियाला में काली माता मंदिर के निर्माण और विकास पर करीब अस्सी करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं. सरकार ने तीर्थ यात्रा योजना के तहत तीन नए रूट भी शुरू करने का ऐलान किया, जिनमें खाटू श्याम मंदिर, हरिद्वार-ऋषिकेश और मथुरा-वृंदावन शामिल हैं. इनमें से एक रूट अगस्त से शुरू होगा.


ट्रैफिक एडवाइजरी जारी

भारी भीड़ को देखते हुए अमृतसर ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है. हरतेज अस्पताल से गुमटाला रोड और कार्यक्रम स्थल की ओर जाने वाले रास्तों पर विशेष ट्रैफिक प्रबंधन लागू रहेगा. शहरवासियों से अपील है कि जरूरी काम न हो तो इन रास्तों से बचें. बाहर से आने वाले लोग आईटीआई-आनंद पार्क मार्ग का उपयोग करें और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों का सहयोग करें.