पंजाब में AAP का डोर-टू-डोर अभियान शुरू, 2.68 लाख कार्यकर्ता घर-घर जाकर बताएंगे मान सरकार की उपलब्धियां
आम आदमी पार्टी ने पंजाब में बड़ा डोर-टू-डोर अभियान शुरू किया है. 2.68 लाख से अधिक बूथ सदस्य घर-घर जाकर मान सरकार के साढ़े चार साल के कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी देंगे.
आम आदमी पार्टी (AAP) ने 20 सितंबर से पंजाब भर में एक बड़े डोर-टू-डोर अभियान की शुरुआत की है. इस अभियान के तहत पार्टी के 2,68,553 बूथ समिति सदस्य राज्य भर के घरों में जाकर भगवंत मान सरकार के पिछले साढ़े चार साल के कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी देंगे. मुख्यमंत्री भगवंत मान खुद धुरी से इस अभियान में हिस्सा ले रहे हैं. इसके साथ ही पार्टी ने राज्यव्यापी सदस्यता अभियान चलाने की भी घोषणा की है.
25 हजार से अधिक बूथों पर कार्यकर्ताओं की तैनाती
आम आदमी पार्टी के पंजाब प्रभारी मनीष सिसौदिया ने बताया कि राज्य के कुल 25,332 पोलिंग बूथों पर गठित बूथ कमेटियों के जरिए यह अभियान चलाया जा रहा है. पार्टी कार्यकर्ता घर-घर जाकर सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, किसानों को नहरी पानी और दिन में बिजली आपूर्ति जैसे कदमों की जानकारी लोगों के साथ साझा कर रहे हैं.
युवा, शिक्षा और व्यापार से जुड़े मुद्दों पर संवाद
अभियान के दौरान कार्यकर्ता युवाओं, व्यापारियों और महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करेंगे. सिसौदिया के अनुसार, सरकारी स्कूलों में बेहतर सुविधाओं, निजी स्कूलों की फीस पर नियंत्रण, युवाओं के लिए रोजगार व खेल सुविधाओं और व्यापारिक नीतियों पर विशेष जोर दिया जाएगा. पार्टी का दावा है कि मुफ्त बिजली-पानी जैसी गारंटियों से औसतन प्रत्येक परिवार को सालाना ₹1.82 लाख का लाभ हुआ है.
Also Read
पिछली सरकारों से तुलना और 2027 चुनाव की तैयारी
आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने कहा कि कार्यकर्ता सरकार के काम का लेखा-जोखा सीधे जनता तक पहुंचाएंगे. इस दौरान पिछली सरकारों के कार्यकाल से मान सरकार की तुलना की जाएगी. सिसौदिया ने पिछली सरकारों पर पंजाब को वित्तीय संकट और नशे की समस्या में धकेलने का आरोप लगाया. 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले शुरू किया गया यह अभियान पार्टी के जमीनी संगठन और जनसंपर्क को मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है.