AAP का मोहाली में शक्ति प्रदर्शन, केजरीवाल और CM भगवंत मान आज करेंगे रोड शो

पंजाब की राजनीति में आज मोहाली चर्चा का केंद्र बनने जा रहा है. आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत मान यहां एक बड़े रोड शो में हिस्सा लेने वाले हैं.

ANI
Meenu Singh

पंजाब की राजनीति में आज मोहाली चर्चा का केंद्र बनने जा रहा है. आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत मान यहां एक बड़े रोड शो में हिस्सा लेने वाले हैं. यह कार्यक्रम केवल राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन तक सीमित नहीं है, बल्कि हाल ही में मोहाली नगर निगम में पार्टी की सफलता के बाद जनता का आभार जताने और आगामी चुनावों के लिए समर्थन जुटाने की रणनीति का भी हिस्सा माना जा रहा है.

अरविंद केजरीवाल के तीन दिवसीय पंजाब दौरे का आज अंतिम दिन है. इस दौरान वह मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ मोहाली पहुंचेंगे और शहर में आयोजित रोड शो में शामिल होंगे. खास बात यह है कि मोहाली में पहली बार आम आदमी पार्टी का मेयर चुना गया है, जिसे पार्टी अपनी बड़ी उपलब्धि के रूप में देख रही है.

पहली बार बना AAP का मेयर

मोहाली नगर निगम में आम आदमी पार्टी ने पहली बार मेयर पद पर कब्जा किया है. विधायक कुलवंत सिंह के बेटे को मेयर बनाए जाने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है. रोड शो के माध्यम से पार्टी जनता का धन्यवाद करने के साथ-साथ अपने जनाधार को और मजबूत करने का प्रयास करेगी.


सुरक्षा व्यवस्था के चलते प्रभावित हुई इंटरनेट सेवा

कार्यक्रम को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं. रोड शो के मार्ग में आने वाले कुछ क्षेत्रों से तारों को हटाया गया है, जिससे सेक्टर 78 स्टेडियम और आसपास के इलाकों में इंटरनेट सेवाएं प्रभावित हुई हैं. स्थानीय लोगों को इससे कुछ असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है.

विधानसभा चुनाव पर भी रहेगा फोकस

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह रोड शो आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारी का हिस्सा है. केजरीवाल और भगवंत मान जनता से समर्थन की अपील कर सकते हैं. वर्तमान में मोहाली जिले की तीनों विधानसभा सीटों पर आम आदमी पार्टी का कब्जा है, जिससे पार्टी का आत्मविश्वास बढ़ा हुआ है.

शहरी क्षेत्रों में बढ़ा रही पकड़

केजरीवाल का पूरा पंजाब दौरा मुख्य रूप से शहरी क्षेत्रों पर केंद्रित रहा है. हाल के निकाय चुनावों में पार्टी ने आठ में से पांच नगर निगमों में जीत हासिल की थी. बठिंडा और जालंधर में कार्यक्रमों के बाद अब मोहाली में होने वाला रोड शो इस दौरे का सबसे महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है. पार्टी नेतृत्व को उम्मीद है कि यह आयोजन आगामी चुनावी रणनीति को और मजबूती देगा.