महाराष्ट्र से BJP के राज्यसभा सांसद रामराव वडकुते ने दुनिया को कहा अलविदा, पीएम मोदी ने जताया दुख
महाराष्ट्र से बीजेपी के राज्यसभा सांसद रामराव सखाराम वड्कुते का 72 साल की उम्र में निधन हो गया. उन्होंने रविवार, 22 नवंबर को दिल्ली के AIIMS में इलाज के दौरान अंतिम सांस ली.
महाराष्ट्र के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद रामराव सखाराम वड्कुते का 72 साल की उम्र में निधन हो गया है. उन्होंने रविवार, 22 नवंबर को दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में अंतिम सांस ली. बताया जा रहा है कि उन्हें हार्ट अटैक आने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उनका निधन हो गया. उनके निधन की खबर से महाराष्ट्र के राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उनके निधन पर दुख जताते हुए उन्हें समाज सेवा और गरीबों-वंचितों के लिए काम करने वाला नेता बताया है.
रामराव वड्कुते महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र के प्रमुख नेताओं में गिने जाते थे. वह खासतौर पर धनगर समुदाय से जुड़े मुद्दों को उठाने के लिए पहचाने जाते थे. उन्होंने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) से की थी. वह महाराष्ट्र विधान परिषद के सदस्य भी रहे. अपने राजनीतिक सफर के दौरान उन्होंने महाराष्ट्र स्टेट कोऑपरेटिव मिल्क फेडरेशन के चेयरमैन और पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होलकर शीप एंड गोट डेवलपमेंट कॉरपोरेशन के चेयरमैन जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं.
मार्च 2026 में बीजेपी ने बनाया था राज्यसभा उम्मीदवार
रामराव वड्कुते को भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने मार्च 2026 में महाराष्ट्र से राज्यसभा का उम्मीदवार बनाया था. अप्रैल 2026 में उनका संसदीय कार्यकाल शुरू हुआ और इसी महीने उन्होंने राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ली थी. संसद के उच्च सदन में उनका कार्यकाल शुरू हुए अभी कुछ ही महीने हुए थे.
Also Read
पीएम मोदी ने जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रामराव वड्कुते के निधन पर गहरा दुख जताया. उन्होंने कहा कि समाज में उनके योगदान और गरीबों तथा वंचितों की सेवा के लिए उन्हें हमेशा याद रखा जाएगा. पीएम मोदी ने महाराष्ट्र में बीजेपी को मजबूत करने के उनके प्रयासों को भी याद किया. उन्होंने शोक संतप्त परिवार और उनके समर्थकों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की.
महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष ने भी दी श्रद्धांजलि
महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने भी रामराव वड्कुते के निधन पर शोक व्यक्त किया. उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि दिल्ली में गंभीर हार्ट अटैक के बाद राज्यसभा सदस्य रामराव वड्कुते के निधन की खबर बेहद दुखद और हृदयविदारक है. उनके निधन से महाराष्ट्र के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक का माहौल है.