Bigg Boss 20

मुंबई यूनिवर्सिटी में UG-PG एडमिशन की तारीख बढ़ी, जानिए कब तक मिलेगा मौका

मुंबई यूनिवर्सिटी ने CDOE के यूजी और पीजी पाठ्यक्रमों में दाखिले की अंतिम तारीख बढ़ाकर 30 सितंबर कर दी है. इच्छुक छात्र विभिन्न डिग्री, डिप्लोमा और ऑनलाइन पाठ्यक्रमों के लिए आवेदन कर सकते हैं.

Social Media
Kanhaiya Kumar Jha

नई दिल्ली: मुंबई यूनिवर्सिटी ने सेंटर फॉर डिस्टेंस एंड ऑनलाइन एजुकेशन यानी CDOE के तहत चल रहे स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में प्रवेश की समय सीमा बढ़ा दी है. अब पात्र विद्यार्थी 30 सितंबर तक दाखिले के लिए आवेदन कर सकेंगे. विश्वविद्यालय के मुताबिक, इन पाठ्यक्रमों में सीधे प्रवेश की सुविधा उपलब्ध है और पूरी प्रक्रिया राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप संचालित की जा रही है. CDOE ऐसे विद्यार्थियों के लिए विकल्प उपलब्ध कराता है, जो नियमित कॉलेज में पढ़ाई नहीं कर पाते हैं.

CDOE के स्नातक पाठ्यक्रमों में बीए के कई विकल्प उपलब्ध हैं. इनमें इतिहास, राजनीति विज्ञान, समाजशास्त्र, अर्थशास्त्र, भूगोल, ग्रामीण विकास, मराठी, हिंदी और अंग्रेजी जैसे विषय शामिल हैं. इसके अलावा विद्यार्थी बीकॉम, अकाउंटिंग एंड फाइनेंस में बीकॉम, सूचना प्रौद्योगिकी में बीएससी और कंप्यूटर साइंस में बीएससी के लिए भी प्रवेश ले सकते हैं.

पीजी में भी कई पाठ्यक्रम

स्नातकोत्तर स्तर पर CDOE कई विषयों में एमए की पढ़ाई कराता है. इनमें इतिहास, समाजशास्त्र, अर्थशास्त्र, राजनीति विज्ञान, मराठी, हिंदी, अंग्रेजी, भूगोल, शिक्षा, संचार एवं पत्रकारिता और जनसंपर्क शामिल हैं. इसके अलावा एडवांस्ड अकाउंटेंसी और बिजनेस मैनेजमेंट में एमकॉम तथा गणित, सूचना प्रौद्योगिकी और कंप्यूटर साइंस में एमएससी के विकल्प भी मौजूद हैं.


MMS और MCA में दाखिला जारी

CDOE के तहत मास्टर ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज यानी MMS और मास्टर ऑफ कंप्यूटर एप्लीकेशन यानी MCA के दो वर्षीय पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया जारी है. प्रवेश परीक्षा पास करने वाले विद्यार्थियों को शुल्क जमा करने के लिए ऑनलाइन भुगतान लिंक भेजे जा रहे हैं. विश्वविद्यालय ने ऑनलाइन प्रवेश परीक्षा में सफल उम्मीदवारों की सूची भी CDOE की वेबसाइट पर जारी कर दी है.

डिप्लोमा और ऑनलाइन पढ़ाई की सुविधा

CDOE पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन फाइनेंशियल मैनेजमेंट और डिप्लोमा इन स्कूल मैनेजमेंट जैसे विकल्प भी देता है. यहां दोहरी डिग्री का विकल्प भी उपलब्ध है. MA Sociology पिछले शैक्षणिक सत्र से ऑनलाइन माध्यम में चल रहा है, जबकि डिप्लोमा इन स्कूल मैनेजमेंट को इसी सत्र से ऑनलाइन किया गया है. इन पाठ्यक्रमों की पढ़ाई और परीक्षाएं ऑनलाइन आयोजित की जाएंगी.

इन शहरों में मिलती है मार्गदर्शन सुविधा

CDOE का उद्देश्य उन विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा का अवसर देना है, जो नियमित कॉलेज व्यवस्था के जरिए पढ़ाई जारी नहीं रख सकते या जिन्हें पारंपरिक कॉलेज में प्रवेश नहीं मिल पाया. विद्यार्थियों की मदद के लिए चर्चगेट, ठाणे, कल्याण, रत्नागिरी, सावंतवाड़ी और पालघर में क्षेत्रीय केंद्र बनाए गए हैं. यहां प्रवेश से जुड़ी जानकारी और अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाती है.