'दुखी कैसे दिखें?' केतन केस में ChatGPT में सर्च का दावा; 5053 पन्नों की चार्जशीट से हुआ बड़ा खुलासा
केतन अग्रवाल हत्याकांड में पुणे ग्रामीण पुलिस की 5,053 पन्नों की चार्जशीट से कथित साजिश की कई परतें सामने आई हैं. हालांकि सभी दावों की अंतिम पुष्टि अदालत में सबूतों की जांच के बाद होगी.
पुणे के कारोबारी केतन अग्रवाल की मौत के मामले में पुलिस की 5,053 पन्नों की चार्जशीट से कई चौंकाने वाली जानकारियां सामने आई हैं. पुणे ग्रामीण पुलिस के मुताबिक, केतन को 18 जून 2026 को लोहगढ़ किले पर ले जाया गया, जहां उसे कथित तौर पर खाई में धकेल दिया गया. इस मामले में सिया गोयल, चेतन चौधरी और रितेश हांगे को आरोपी बनाया गया है. तीनों फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं.
चार्जशीट के मुताबिक हत्या की कथित साजिश तैयार करते समय आरोपियों ने पहले के कई मामलों और लोनावला क्षेत्र में खाई या चट्टान से गिरने की घटनाओं के बारे में ऑनलाइन जानकारी जुटाई. पुलिस का दावा है कि राजा रघुवंशी हत्याकांड को भी सर्च किया गया था. इस केस में राजा की पत्नी सोनम रघुवंशी पर हत्या का आरोप लगा था.
जांच एजेंसी ने क्या बताया?
जांच एजेंसी के अनुसार टाइगर प्वाइंट और लोहगढ़ इलाके में पहले हुई मौतों से जुड़ी घटनाओं की जानकारी भी तलाशी गई. पुलिस का कहना है कि इन मामलों से जुड़ी जानकारी आरोपियों के बीच इंस्टाग्राम, व्हाट्सऐप और अन्य मैसेजिंग प्लेटफॉर्म के जरिए साझा हुई.
Also Read
- हवा में उछली BMW और पल भर में खत्म हो गईं 3 हंसती-खेलती जिंदगियां... मुंबई के इस VIDEO को देख कांप उठेगी रूह!
- मुंबई में तेज रफ्तार BMW का कहर, कोस्टल रोड पुल से नीचे गिरी कार; 3 की मौत और 1 की हालत गंभीर
- मुंबई के लालबाग में गणपति उत्सव के बीच दर्दनाक हादसा, पंडाल के पास फैला करंट; 8 साल की बच्ची समेत 2 की मौत
मौत के बाद 'दुखी कैसे दिखें' की सर्च का दावा
चार्जशीट में पुलिस ने दावा किया है कि केतन की मौत के बाद सिया ने ChatGPT और अन्य ऑनलाइन सोर्स पर यह जानकारी सर्च की कि परिवार के सामने दुख कैसे जाहिर किया जाए और ज्यादा परेशान कैसे दिखा जाए.
पुलिस के अनुसार, केतन के परिवार के लोहगढ़ की तलहटी में पहुंचने के बाद उन्हें सिया के व्यवहार पर संदेह हुआ. घर लौटने के बाद की गई कथित ऑनलाइन सर्च डिजिटल सबूतों की जांच के दौरान सामने आई. हालांकि, इन सर्च का वास्तविक मतलब और उनका अपराध से संबंध ट्रायल के दौरान सबूतों के आधार पर तय होगा.
'पुलिस पकड़ ले तो क्या करें' की भी सर्च
जांच में पुलिस ने यह भी दावा किया है कि आरोपियों ने गिरफ्तारी की स्थिति में कैसे व्यवहार करना है, पूछताछ के दौरान क्या कहना है और घबराहट से कैसे बचना है, इससे जुड़ी जानकारी ऑनलाइन खोजी थी.
चार्जशीट के मुताबिक, शुरुआत में आरोपियों को लगा था कि वे पुलिस की पकड़ में नहीं आएंगे. बाद में चेतन को गिरफ्तारी का डर सताने लगा. पुलिस का कहना है कि सिया और चेतन ने एक-दूसरे को हिम्मत दी और गिरफ्तारी से जुड़ी परिस्थितियों की तैयारी के लिए ऑनलाइन जानकारी जुटाई.
खाने और मशरूम से जहर देने की भी जांच
पुलिस ने चार्जशीट में यह भी दावा किया है कि केतन को मारने के अलग-अलग तरीकों पर विचार किया गया था. जांच के दौरान खाने और मशरूम के जरिए जहर देने से जुड़ी ऑनलाइन सर्च भी मिलने की बात कही गई है.
हालांकि, पुलिस अभी यह जांच कर रही है कि ये सर्च वास्तव में केतन की हत्या की किसी अलग योजना या कोशिश से जुड़ी थीं या नहीं. इसलिए इस हिस्से को फिलहाल पुलिस की जांच और आरोप के तौर पर ही देखा जा रहा है.
फेक इंस्टाग्राम अकाउंट से लोहगढ़ ले जाने का आरोप
चार्जशीट में कथित तौर पर यह भी सामने आया है कि केतन को लोहगढ़ ले जाने के लिए 'माही' नाम से एक फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाया गया था. पुलिस के अनुसार, इसी अकाउंट के जरिए केतन से संपर्क किया गया और उसे लोहगढ़ आने के लिए तैयार किया गया.
जांच में आरोपियों के मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस से कथित तौर पर डिलीट की गई चैट भी बरामद की गई. पुलिस ने व्हाट्सऐप और इंस्टाग्राम चैट, मोबाइल डेटा, कॉल डिटेल रिकॉर्ड, सीसीटीवी और गवाहों के बयान समेत कई डिजिटल और तकनीकी सबूत चार्जशीट में शामिल किए हैं.