महाराष्ट्र के रायगढ़ में दर्दनाक हादसा, समुद्र में डूबने से 8 छात्रों की मौत; सामने आया हादसे का दर्दनाक वीडियो

सभी छात्र पुणे के आलंदी स्थित 'विनर्स अकादमी' के थे. गुरुवार 11वीं और 12वीं कक्षा के 42 छात्रों और 6 शिक्षकों का समूह पिकनिक के लिए दगी सागरी दिवेआगर पहुंचा था.

X
Sagar Bhardwaj

महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में एक कोचिंग संस्थान की पिकनिक मातम में बदल गई. पुणे के आलंदी स्थित 'विनर्स अकादमी' के 8 छात्रों की दिवेआगर बीच पर समुद्र में तैरते समय डूबने से मौत हो गई. यह दुर्घटना गुरुवार को उस समय हुई जब 11वीं और 12वीं कक्षा के 42 छात्रों और 6 शिक्षकों का समूह पिकनिक के लिए दगी सागरी दिवेआगर पहुंचा था.

पानी की गहराई का नहीं हुआ अंदाजा

पुलिस और स्थानीय प्रशासन के अनुसार, समुद्र में उतरने वाले छात्र पानी की गहराई और लहरों के तेज बहाव का सटीक अंदाजा नहीं लगा सके, जिससे 8 छात्र तेज धारा में बह गए. मृतकों की पहचान तन्मय वाहिला, सुमित अहीरे, प्रणव बंसोड़े, कैवल्य वासनकर, राजवीर वाहिला, यश वानखेड़े, सोहम भांडवलकर और कौस्तुभ दौंड के रूप में हुई है. ये सभी छात्र 16 वर्ष के थे और आलंदी के निवासी थे.

आठों के शव बरामद

घटना की खबर फैलते ही स्थानीय वाटर स्पोर्ट्स ऑपरेटर भाऊ मारुति सालुंखे और उनकी टीम ने अपनी जान जोखिम में डालकर तुरंत खोज अभियान शुरू किया और सभी आठों शवों को पानी से बाहर निकाला. सूचना मिलते ही दिघी सागरी पुलिस स्टेशन के सहायक पुलिस निरीक्षक संतोष आवती अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शवों को बोरली पंचतन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा और मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है.