उज्जैन में शाही मस्जिद पर बुलडोजर एक्शन से पहले बवाल! पुलिस पर पथराव, इलाके में तनाव

उज्जैन में सड़क चौड़ी करने के प्रोजेक्ट के तहत शाही मस्जिद के एक हिस्से को गिराने के लिए तय जगह पर लोगों की भीड़ और पुलिस के बीच झड़प हो गई. इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है.

ANI X
Shilpa Srivastava

Ujjain Masjid Clash: उज्जैन में शाही मस्जिद को लेकर चल रहा विवाद एक बार फिर बढ़ गया है. मस्जिद के बाहर बड़ी संख्या में लोग जमा हुए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी. स्थिति बिगड़ने के बाद कुछ लोगों की ओर से पुलिस पर पथराव किए जाने की बात सामने आई है. भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े. इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और बड़ी संख्या में पुलिस जवानों को तैनात किया गया है.

बताया जा रहा है कि रात में स्थिति शांत होने के बाद कई लोग अपने घर लौट गए थे. हालांकि, सुबह एक बार फिर शाही मस्जिद के आसपास लोगों की भीड़ जमा होने लगी. इसके बाद नारेबाजी शुरू हो गई. पुलिस ने भीड़ को आगे बढ़ने से रोकने के लिए करीब 500 मीटर के इलाके में बैरिकेडिंग की थी. हालात को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई.

पथराव के बाद पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले:

पुलिस के अनुसार, भीड़ लगातार पुलिस पर पथराव कर रही थी. जब स्थिति कंट्रोल से बाहर हो गई तब आंसू गैस का इस्तेमाल किया गया. शाही मस्जिद के आसपास करीब 2,500 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है. इसके अलावा दूसरे जिलों से भी अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है. वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और स्थिति पर नजर रख रहे हैं.

पूरे उज्जैन में अलर्ट:

इस स्थिति को देखते हुए पूरे शहर में अलर्ट जारी कर दिया गया है. प्रशासन की तरफ से स्थिति को कंट्रोल में रखने का प्रयास किया जा रहा है. पुलिस लगातार भीड़ को हटाने और इलाके में व्यवस्था बनाए रखने में जुटी है. 

बता दें कि यह मामला सड़क चौड़ीकरण के लिए शाही मस्जिद के कुछ हिस्से को हटाने की योजना से जुड़ा है. इसे लेकर मुस्लिम समाज के लोगों की ओर से विरोध किया जा रहा है. इसी मुद्दे पर पुलिस और समाज के लोगों के बीच बैठक भी हुई थी. रात में मामला शांत होने के बाद सुबह फिर से तनाव बढ़ गया. प्रशासन अब स्थिति को सामान्य करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की कोशिश कर रहा है.