'पुलिस ने पकड़ा तो जान दे देंगे', पति ने पत्नी को मायके से किया किडनैप; सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

मध्य प्रदेश के शिवपुरी में एक अजीबो-गरीब मामला सामने आया है जहां एक महिला को उसके पति ने साथियों के साथ मायके से किडनैप कर लिया. घटना का वीडियो वायरल हो रहा है.

@HateDetectors
Kuldeep Sharma

शिवपुरी: मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के एक किडनैपिंग के केस की सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा हो रही है. यह मामवा बहुत ही अजीबो-गरीब है. मामले में एक महिला का पति देर रात उसे मायके ले जा रहा है जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. पुलिस ने मामले को में पति और उसके साथ आए लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है. वहीं दूसरी ओर महिला और उसके पति के अलग-अलग वीडियो सामने आने से मामले ने नया मोड़ ले लिया है. फिलहाल पुलिस महिला की तलाश में जुटी हुई है.

मायके में रह रही थी महिला

जानकारी के अनुसार महक बेड़िया नाम की महिला पिछले तीन साल से करैरा निवासी पुष्पेंद्र सिंह चौहान के साथ रह रही थी. दोनों की एक बेटी आरोही भी है. कुछ समय पहले महक अपने पति का घर छोड़कर अपने मायके शिवपुरी आ गई और यहीं पर रहने लगी. बताया जा रहा है कि पारिवारिक विवाद के चलते वह अपने माता-पिता के पास रह रही थी. इसी बीच शुक्रवार देर रात अचानक विवाद बहुत ज्यादा बढ़ गया.

परिजनों के मुताबिक इसके बाद पुष्पेंद्र अपने करीब दस साथियों के साथ महक के मायके पहुंच गया. आरोप है कि वह महिला और अपनी बेटी को जबरन अपने साथ ले गया है. वहां मौजूद लोगों ने पूरी घटना का वीडियो भी बना लिया जो बाद में इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो सामने आने के बाद पूरे इलाके में इस घटना को लेकर चर्चा शुरू हो गई और पुलिस को मामले की सूचना दी गई.

वीडियो हो गया वायरल 

पुलिस कार्रवाई के बीच एक और वीडियो सामने आया है जिसमें महक खुद अपनी मर्जी से पति के साथ जाने की बात कहती दिखाई दे रही है. इस वीडियो के वायरल होने के बाद मामले अलग ही तूल पकड़ लिया है और इसमें कई सवाल खड़े हो गए हैं. हालांकि पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला किडनैपिंग जैसा लग रहा है इसलिए कानूनी कार्रवाई की गई है. पुलिस अब महिला के सामने आने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की सच्चाई साफ होने की बात कह रही है.

यहां देखें वीडियो

महक की तलाश कर रही पुलिस

कोतवाली थाना पुलिस ने पुष्पेंद्र और उसके साथ मौजूद अन्य लोगों के खिलाफ किडनैपिंग और अन्य कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है. थाना प्रभारी रोहित दुबे के ने बताया कि दोनों वायरल वीडियोज की भी जांच की जा रही है. पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि दूसरा वीडियो किन परिस्थितियों में बनाया गया है. मामले में महिला और बच्ची की तलाश जारी है और पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है.

पति ने भी जारी किया वीडियो

घटना के बाद पुष्पेंद्र सिंह चौहान ने भी एक वीडियो जारी किया है. उसने दावा किया कि वह महक के बुलाने पर उसे लेने गया था और उसने किसी तरह का अपहरण नहीं किया है. वीडियो में उसने यह भी कहा कि यदि पुलिस उन्हें पकड़ती है तो वे तीनों जान दे देंगे. साथ ही उसने महक के माता-पिता पर गंभीर आरोप लगाए और कहा कि वे महक को गलत जगह भेजने की कोशिश कर रहे थे.